झारखंड के गिरिडीह में एक पति अपनी पत्नी के बार-बार मायके जाने से इतना नाराज हो गया कि वह बुलडोज़र लेकर ससुराल पहुंच गया। हालाँकि वह सिर्फ चारदीवारी तोड़ पाया।
घटना जमुआ थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव की है। आरोपी पिंटू मंडल का गांव गादी-चुंगलो भी सिरसिया गांव से थोड़ी ही दूर पर है। पिंटू मंडल के मुताबिक उसकी शादी के करीब साढ़े चार वर्ष पहले उर्मिला से हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि उसकी बीवी बार-बार अपने मायके चली जाया करती थी। वह जब भी बीवी को लाने की कोशिश करता तो सास-ससुर भी अपनी बेटी का ही समर्थन करते।
इस बार भी बीवी आ नहीं रही थी तो वह गुस्से में आ गया और बुलडोज़र लेकर ससुराल पहुँच गया। वह पूरा घर हो ध्वस्त करना चाहता था लेकिन गांव वाले इकठ्ठा हो गए तो वह डर कर भाग गया। वह सिर्फ चारदीवारी ही तोड़ पाया।
उधर, पिंटू मंडल की बीवी उर्मिला का कहना है कि उसका शराबी है। वह उसकी पिटाई करता है। यही कारण है कि वो अपने दोनों बच्चों के साथ अपने मायके में रह रही है, ताकि कभी कोई विकट परिस्थिति उत्पन्न नहीं हो जाए। उर्मिला ने कहा कि वो अपने ससुराल बीच – बीच में जाते रहती है। एक सप्ताह पहले ही ससुराल से लौटी है।
जमुआ थाना प्रभारी विभूतिदेव कुमार ने कहा कि इस मामले की मौखिक सूचना दी गई है। पुलिस मामले की जांच – पड़ताल कर रही है।
