दिल्ली में दो समलैंगिक युवतियों ने कर ली कोर्ट मैरिज

 

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की रहनेवाली दो युवतियों ने दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली। एक युवती हेमा हेमंत बन गयी और पूजा को अपनी पत्नी बना लिया।

हेमा सिंह (20) का जन्म महोबा जनपद के चरखारी कस्बा के छोटा रमना में साहब सिंह के घर हुआ। हेमा बचपन से ही लड़कों जैसी वेश-भूषा की शौकीन थी। वह दिल्ली में अपने परिवार के साथ फल की दुकान चलाती है।

हेमा की मुलाकात 3 साल पहले उसके ननिहाल मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के चंदला इलाके के लबरहा गांव में रहने वाली 18 वर्षीय पूजा से हुई थी। दोनों में बड़ी जल्दी प्रेम हो गया। तीन साल तक प्यार करने के बाद पिछले हफ्ते दोनों ने दिल्ली जाकर कोर्ट मैरिज कर ली।

शादी के बाद जब दोनों अपने गांव पहुंचे, तो शुरू में सबने खूब खरीखोटी सुनाई। फिर बाद में दोनों के परिवार ने इनके रिश्ते को हंसी खुशी स्वीकार कर लिया। इस रिश्ते में एक अहम पहलू यह है कि हेमा नाम की युवती ने खुद को पुरुष के रूप में पहचानते हुए अपना नाम हेमंत रखा है। हेमंत ने पूजा को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया।

हेमंत उर्फ हेमा ने कहा कि वह पूजा के साथ शादी करके बहुत खुश है। अगर कभी भविष्य में जरूरत पड़ी तो जेंडर जेंच करवा लेगी।

 

One Thought to “दिल्ली में दो समलैंगिक युवतियों ने कर ली कोर्ट मैरिज”

Leave a Comment