प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 दिसम्बर 2025 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया था। उसी प्रेरणा स्थल में फेंका हुआ खाना खाने से 150 भेड़ों की मौत हो गयी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार के मुताबिक 71 भेड़ों की मौत हुई हैं जबकि भेड़ मालिक करीब 150 भेड़ों की मौत का दावा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और प्रत्येक भेड़ की मौत के लिए 10 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा भी की है।
क्षेत्र के फतेहपुर के ढकौली मदरिया निवासी विजय पाल, प्रदीप कुमार, अजय पाल और शिवरतन के पास करीब 350 भेड़ें हैं। वे रविवार दोपहर इन्हें चराने के लिए प्रेरणा स्थल की पार्किंग के पास पहुंचे। यहां पड़ा भोजन खाने के लिए भेड़ों को छोड़ दिया। शाम को इन्हें घैला पुल के किनारे लाकर रुक गए। रात करीब 12:30 बजे उनका बेटा प्रदीप भेड़ों को देखने गया। कुछ देर बाद आकर उसने बताया कि 10 भेड़ें मर गई हैं। इस पर शिवरतन अन्य बेटों अजय पाल और विजय पाल के साथ मौके पर पहुंचे। भेड़ों को दवाइयां खिलाईं, पर राहत नहीं मिली।
दोपहर 12 बजे जब डॉ. सचान टीम के साथ पहुंचे तो 100 से अधिक भेड़ें मरणासन्न अवस्था में थीं। भेड़ों की इतनी संख्या को देखकर ककौली से डॉ. ब्रजेश कुमार व लखनऊ से वीरेंद्र कुमार को बुलाया गया। दोनों टीम के साथ पहुंचे और भेड़ों को इंजेक्शन देने के साथ ग्लूकोज चढ़ाया गया। शाम 6:30 बजे तक चिकित्साकर्मी जुटे रहे। डॉ. आरपी सचान का कहना है कि कई बार ज्यादा खाने से पशुओं का पेट फूल जाता है। उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगती है, जिससे मौत भी हो जाती है। डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि मृत भेड़ों को पास में ही दफना दिया गया।
NGO ‘आसरा : द हेल्पिंग हैंड्स ट्रस्ट’ की संस्थापक चारू खरे ने मड़ियांव थाने में दी गई एक शिकायत में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाल ही में हुए कार्यक्रम के बाद राष्ट्र प्रेरणा स्थल के आसपास के इलाके में लगभग 170 भेड़ों की अचानक मौत हो गई। प्रथम दृष्ट्या यह पता नहीं है कि इन भेड़ों की मौत कोई अपशिष्ट खाने से हुई या किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें जहर दिया था।’’
चरवाहों ने भेड़ों को देसी दवाएं खिलाने की भी कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। ये सभी भेड़ें फतेहपुर जिले के 4 विजय पाल, प्रदीप कुमार, अजय पाल और शिवरतन की थीं। वे कुछ दिन पहले लखनऊ के आसपास चराई के लिए आए थे।
मड़ियांव के थानाध्यक्ष शिवानंद मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भेड़ों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत के मामले का संज्ञान लेते हुए इसकी जांच के आदेश दिए हैं।

https://shorturl.fm/sHz9g
https://shorturl.fm/meTGB
https://shorturl.fm/2JPrY