तेलंगाना में 7 सरपंचों ने ‘कुत्ता मुक्त गांव’ का चुनावी वादा किया पूरा, 500 आवारा कुत्तों को जहरीला इंजेक्शन देकर मरवा दिया

 

तेलंगाना में ग्राम पंचायत चुनावी वादों को पूरा करने के लिए सैकड़ों आवारा कुत्तों की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हनमकोंडा और कामारेड्डी जिलों में 7 सरपंचों समेत 15 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दो हफ्तों में कम से कम 500 कुत्तों को जहर देकर मार दिया गया।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय चुनावों के दौरान कई उम्मीदवारों ने ‘कुत्ता मुक्त गांव’ का वादा किया था। इसी वादे को पूरा करने के लिए संगठित तरीके से आवारा कुत्तों को मारने की योजना बनाई गई। पुलिस ने शायमपेट, अरेपल्ली और पलवांचा क्षेत्रों में 110 कुत्तों के शव बरामद किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ‘अनजान टॉक्सिन’ से मौत की पुष्टि हुई है।

जगतियाल जिले के धर्मपुरी नगरपालिका में इसका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें इंजेक्शन लगते ही कुत्ता 1 मिनट के अंदर गिर पड़ा था। इसमें सड़क पर 2 अन्य कुत्तों के शव भी देखे गए। 2 हफ्ते पहले यहां कम से कम 50 कुत्तों को मार डाला गया था।

कुत्तों की मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए उनमें से कुछ का पोस्टमार्टम किया गया है। जांच में जानवरों की हत्या के लिए जिम्मेदार 15 लोगों की पहचान की गई है। वहीं श्यामपेट, अरेपल्ली और पलवांचा इलाकों समेत अपने-अपने गांवों में हाल ही में निर्वाचित 7 सरपंचों पर कुत्तों को मारने का आदेश देने का आरोप है। इसके लिए लॉजिस्टिक्स और कुत्तों को पकड़ने वालों को काम पर रखा गया था। वहीं कुत्तों को जहरीले इंजेक्शन देने के लिए 3 प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर्स को भी नियुक्त किया गया था।

हनमकोंडा पुलिस के मुताबिक कुत्तों को अज्ञात टॉक्सिंस का इंजेक्शन लगाकर सुनसान इलाकों में फेंकने की खबरों के बाद जांच शुरू की गई। सभी 15 आरोपियों पर BNS के सेक्शन 325 (पशुओं की हत्या या उन्हें जहर देना) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं कुछ जूनियर स्टाफ को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इसको लेकर पुलिस ने 7 सरपंचों को नोटिस जारी किए हैं। वहीं जहर के सटीक नेचर की पुष्टि की लिए फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि खतरनाक केमिकल के अवैध कब्जे से संबंधित और आरोप जोड़े जाएंगे या नहीं।

Leave a Comment