करिश्मा कपूर के बच्चों ने फर्जी फैमिली ट्रस्ट बनाकर पिता की संपत्ति हड़पने की की साजिश

 

फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर के एक्स-हसबैंड और जाने-माने बिजनेसमैन संजय कपूर के निधन के बाद उनकी करीब 30,000 करोड़ की संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद बढ़ता ही जा रहा है। पहले करिश्मा कपूर के बच्चों ने वसीयत को फर्जी बताया, अब संजय कपूर की मां रानी कपूर ने उनकी तीसरी पत्नी प्रिया कपूर सचदेव और करिश्मा कपूर के बच्चों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रानी कपूर ने इन पर आरोप लगाया है कि इन्होंने उनकी पूरी पारिवारिक संपत्ति और विरासत को हड़पने के लिए एक फर्जी फैमिली ट्रस्ट बनाया था। 80 वर्षीय रानी कपूर ने हाई कोर्ट में कहा है कि आरके फैमिली ट्रस्ट/रानी कपूर फैमिली ट्रस्ट पूरी तरह अवैध, फर्जी और है। उनके मुताबिक, ये ट्रस्ट उनकी जानकारी और सहमति के बिना बनाया गया और उनकी सारी संपत्ति को गलत तरीके से इसमें डाल दिया गया।

दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल अर्जी के मुताबिक रानी कपूर ने बताया कि वो अपने दिवंगत पति डॉ. सुरिंदर कपूर की इकलौती उत्तराधिकारी हैं। डॉ. कपूर सोना ग्रुप ऑफ कंपनियों के प्रमोटर थे और उनका निधन जून 2015 में हुआ था। उन्होंने 6 फरवरी 2013 को वसीयत बनाई थी जिसके तहत उनकी पूरी संपत्ति रानी कपूर को मिली। इस वसीयत को जनवरी 2016 में बॉम्बे हाईकोर्ट से प्रोबेट भी मिल चुका है और उनके तीनों बच्चों ने इस पर सहमति दी थी।

रानी कपूर का कहना है कि उन्हें इस कथित धोखाधड़ी का पता अपने बेटे संजय कपूर की मौत के बाद चला, जिनका निधन 12 जून 2025 को हुआ था। इस मामले में कुल 23 लोगों को पक्ष कार बनाया गया है। इनमें बहू प्रिया कपूर, उनका बेटा अज़ारियस कपूर, करिश्मा कपूर के बच्चे समायरा कपूर और कियान कपूर, रानी कपूर की बेटी मंधीरा कपूर स्मिथ और उनके दो बच्चे शामिल हैं।

इसके अलावा रानी कपूर का आरोप है कि साल 2017 के आसपास एक जटिल और अवैध लेन-देन के जरिए उनकी संपत्ति ट्रस्ट में डाल दी गई। उन्होंने ये भी कहा कि बेटे की मौत के तुरंत बाद बहू प्रिया कपूर ने बिना उन्हें बताए सोना ग्रुप की कंपनियों में अहम पद संभाल लिए। रानी कपूर ने दावा किया कि उनकी ईमेल आईडी को हैक बताकर उनसे कंपनी की जानकारी छिपाई गई और उनकी जानकारी के बिना नया ईमेल बनाकर ट्रस्ट और कंपनी के फैसले लिए गए। अब रानी कपूर ने कोर्ट से मांग की है कि उनकी पूरी संपत्ति और पारिवारिक विरासत उन्हें वापस सौंपी जाए, जैसी वो इस कथित ट्रस्ट के बनने से पहले थी।

One Thought to “करिश्मा कपूर के बच्चों ने फर्जी फैमिली ट्रस्ट बनाकर पिता की संपत्ति हड़पने की की साजिश”

Leave a Comment