रेलवे प्रोटेक्शन फ़ोर्स (RPF) के जवानों ने उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने मॉडर्न वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के शौचालय में सांप छोड़ दिया था। आरोपी ने यात्रियों में दहशत पैदा करने के लिए यह हरकत की थी।
पुलिस ने बताया 27 दिसम्बर 2025 को 22225 वन्दे भारत एक्सप्रेस के कोच सी-16 के शौचालय में एक सांप मिला था। इससे यात्रियों में घबराहट फ़ैल गयी थी। ट्रेन मुंबई से सोलापुर जा रही थी। सांप को सोलापुर स्टेशन पर पकड़ कर छोड़ दिया गया था। पुलिस तब से जांच में लगी थी। CCTV फुटेज में ठाणे स्टेशन पर एक अनजान आदमी को शौचालय के अंदर सांप रखते हुए देखा गया। एक अधिकारी ने कहा, “वह बस एक बोरी लेकर ट्रेन में घुसा, सांप फेंका और ठाणे स्टेशन पर उतर गया।”
सीसीटीवी और अन्य तकनीकी के आधार पर RPF और अन्य जाँच एजेंसियों ने आरोपी की पहचान कर ली और उसे ठाणे जिले के मुम्ब्रा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम जगन अर्जुन भाले (37) मालूम पड़ा है। वह महाराष्ट्र के नासिक जिले का रहने वाला है। उसे 12 फरवरी 2026 को मुंब्रा से पकड़ा गया।
आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट, 1989 के सेक्शन 145(B), 147 और 153 के तहत FIR की गयी है। आरोपी को कल्याण में रेलवे कोर्ट में पेश किया गया। जहां उसे 14 दिन की मजिस्ट्रियल कस्टडी रिमांड मिली है। आरोपी ने बताया कि यात्रियों को परेशान करने के लिए उसने ऐसा किया था। हालाँकि सांप इंडियन रैट स्नेक प्रजाति का था। जहरीला नहीं था।
