अभिनेता राजपाल यादव जेल से रिहा, 12 दिन काटे जेल कोठरी में

 

फिल्म अभिनेता राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गयी। वे 12 दिन बाद जेल से बाहर आ गए। राजपाल यादव की तिहाड़ जेल से रिहाई के पीछे सलमान खान, अजय देवगन, सोनू सूद, प्रियदर्शन, डेविड धवन, वरुण धवन, गुरमीत चौधरी, मीका सिंह, गुरु रंधावा, अनूप जलोटा, राव इंद्रजीत सिंह यादव, तेज प्रताप यादव और बॉक्सर विजेंदर सिंह के आर्थिक मदद है।

भूल भुलैया, चुप चुप के, हंगामा, गरम मसाला और वक्त : द रेस अगेंस्ट टाइम जैसी 250 फिल्मों में काम कर चुके राजपाल यादव ने 5 फरवरी 2026 को दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था, जब कोर्ट ने लंबे समय से चल रहे चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट केस में और समय देने की उनकी आखिरी मिनट की अर्जी खारिज कर दी थी। राजपाल यादव को सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली थी। परन्तु वे आज मंगलवार को जेल से बाहर आये।

राजपाल यादव ने साल 2012 की खुद की निर्देशित फिल्म ‘अता-पता-लापता’ को बनाने के लिए मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे, जो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही और जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ। समय के साथ, बाउंस चेक, ब्याज और पेनल्टी की वजह से बकाया रकम बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई, जो अब राजपाल यादव को पूरी करनी है।

राजपाल यादव के वकील भास्कर उपाध्याय के मुताबिक, एक्टर ने 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस केस में 2.5 करोड़ रुपये चुका दिए हैं। कर्ज की शुरुआती रकम 5 करोड़ रुपये है, जिसमें ब्याज, पेनल्टी और दूसरी चीजें मिलाकर राजपाल यादव को कुल 9 करोड़ रुपये देने हैं। राजपाल यादव ने बकाया चुकाने के लिए कई चेक दिए, लेकिन वे बाउंस हो गए, जिससे उन पर नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत क्रिमिनल चार्ज लगे। 2 फरवरी, 2026 को, दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें 4 फरवरी को शाम 4 बजे तक जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का आदेश दिया और उनके बार-बार वादे तोड़ने को खराब व्यवहार बताया।

राजपाल यादव की भतीजी की 19 फरवरी को शादी है। ये शादी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में होनी है। इसीलिए राजपाल यादव को बेल मिली है कि वो ये शादी अटेंड कर पाएं।

Leave a Comment