दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (काउंटर इंटेलिजेंस) ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सक्रिय सदस्य खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा उर्फ़ मैडम जहर को गिरफ्तार किया है। नेहा उत्तर-पूर्वी दिल्ली में ब्यूटी पार्लर चलाती थी। परन्तु पार्लर की आड़ में वह लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग के लिए ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई का काम संभाल रही थी।
खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को पुलिस ने ड्रग्स के साथ महिपालपुर फ्लाईओवर के पास से पकड़ लिया। खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मुख्य गनमैन और हथियार सप्लायर बॉबी कबूतर उर्फ महफूज की गर्लफ्रेंड है। बॉबी कबूतर ने ही पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी।
बॉबी कबूतर का सम्बन्ध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के एजेंट सलीम पिस्टल से है। वह सलीम पिस्टल से हथियारों की खेप लेकर लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग को सप्लाई करता था। उस पर अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर हुई फायरिंग, दिल्ली के नादिर शाह मर्डर केस और सीलमपुर डबल मर्डर में भी शामिल होने का आरोप है।
इसके पहले राजस्थान की जयपुर पुलिस ने सीमा मल्होत्रा उर्फ़ ‘मैडम माया’ को गिरफ्तार किया था। मैडम माया भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सक्रिय सदस्य थी।
