तीस वर्षीय बैंक कर्मचारी को एक आवारा कुत्ते ने पैर में काट लिया, जिससे उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद सुसाइड नोट लिखकर उसने आत्महत्या कर ली। यह घटना महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंतर्गत कल्याण (पूर्व) के तीसगांव नाका इलाके में हुई। मृत कर्मचारी का नाम आयश विश्वनाथ अमीन (30) मालूम पड़ा है।
अमीन ने सुसाइड नोट में लिखा है कि कुत्ते के काटने के बाद रेबीज के लक्षण दिखाई देने के डर से वह फांसी लगाकर आत्महत्या कर रहा है। इस मामले में कोलसेवाड़ी पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आयश कल्याण (पूर्व) के तीसगांव नाका स्थित सहजीवन सोसायटी, बी-विंग के फ्लैट नंबर 903 में परिवार के साथ रहता था। अमीन पिछले आठ वर्षों से अधिक समय से भारत बैंक की ठाणे शाखा में कार्यरत था। कुछ दिन पहले तीसगांव नाका इलाके में एक आवारा कुत्ते ने उसके पैर में काट लिया था। इसके बाद उसने केवल एक ही इंजेक्शन लिया था। परिजनों का कहना है कि पिछले चार दिनों से उसके व्यवहार में असामान्य बदलाव दिख रहा था।
रविवार शाम के समय घर में कोई नहीं होने पर अमीन ने आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही कोलसेवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्याण-डोम्बिवली महापालिका द्वारा संचालित रुक्मिणीबाई अस्पताल भेज दिया गया। प्रशासन ने नागरिकों से आवारा कुत्तों की मौजूदगी और रेबीज के टीकाकरण को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।
