डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा: ‘ऑपरेशन सिंदूर में मारे जा सकते थे शहबाज शरीफ, मैंने बचाई जान’

 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की जान उनके हस्तक्षेप से बची। ट्रंप के मुताबिक, यदि वह भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष में दखल नहीं देते, तो शहबाज शरीफ की मौत हो सकती थी।

राष्ट्रपति ट्रंप ने यह दावा अपने ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन के दौरान किया। उन्होंने अमेरिकी सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित परमाणु टकराव टल गया।

‘मेरे दखल से टला न्यूक्लियर युद्ध’

ट्रंप ने अपने भाषण में कहा, “अपने पहले 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध खत्म किए। भारत और पाकिस्तान के बीच न्यूक्लियर युद्ध हो सकता था। कई लोगों ने कहा कि अगर मैं इस संघर्ष में दखल नहीं देता तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मारे जाते। मैंने उन्हें बचाया।” उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान स्थिति बेहद गंभीर थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।

सीजफायर का श्रेय भी लिया

अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने का श्रेय भी अपने प्रशासन को दिया। उन्होंने कहा कि उनके हस्तक्षेप और आर्थिक उपायों, जैसे ट्रेड एग्रीमेंट और टैरिफ़, के जरिए दोनों देशों को तनाव बढ़ाने से रोका गया।

भारत ने नहीं माना दावा

हालांकि, भारत सरकार ने ट्रंप के इन दावों को स्वीकार नहीं किया है। भारत का रुख रहा है कि भारत-पाकिस्तान के बीच किसी भी मुद्दे का समाधान द्विपक्षीय स्तर पर ही किया जाता है और इसमें किसी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं होती।

डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले भी कई बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच बड़े टकराव को रोका, लेकिन उनके इन बयानों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस जारी है।

Leave a Comment