भोजपुरी एक्टर पवन सिंह की पत्नी ने ‘वन-टाइम सेटलमेंट’ में मांगे- 10 करोड़ रुपये, एक घर और मासिक खर्च

 

भोजपुरी फिल्म एक्टर और गायक पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने तलाक के बदले 10 करोड़ रुपये, एक घर और मासिक खर्च की मांग की है। पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला बिहार के आरा स्थित पारिवारिक न्यायालय में चल रहा है। ज्योति सिंह ने तलाक के बदले पवन सिंह से 10 करोड़ रुपये, एक घर और मासिक खर्च की मांग की है।

बुधवार, 25 मार्च 2026 को इस मामले की सुनवाई हुई। पवन सिंह खुद दोपहर करीब 2:20 बजे अदालत में मौजूद थे, लेकिन इस दौरान ज्योति सिंह अदालत में उपस्थित नहीं थीं। जज ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन यह संभव नहीं हो पाया।

सुनवाई के दौरान पवन सिंह ने जज के सामने साफ कहा कि वे अब ज्योति सिंह के साथ नहीं रहना चाहते। उनके वकील के अनुसार, पवन सिंह ‘वन-टाइम सेटलमेंट’ के लिए तैयार हैं। वहीं, ज्योति सिंह के वकीलों ने 10 करोड़ रुपये, रहने के लिए घर और केस खत्म होने तक मासिक खर्च की शर्त रखी है, जिससे मामला और गरमा गया है।

इस विवाद में पवन सिंह की एक्स गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी कूद पड़ी हैं। अक्षरा सिंह ने ज्योति सिंह की मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि जब कोई लड़की शादी के बाद किसी के घर जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी उस पुरुष की होती है। अगर तलाक होता है, तो गुज़ारा भत्ता मांगना उसका अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा कि 10 करोड़ क्या, 100 करोड़ की मांग भी कम है।

पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी साल 2018 में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गए। ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर मानसिक उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। यह पवन सिंह की दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी ने साल 2015 में आत्महत्या कर ली थी।

Leave a Comment