उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृन्दावन में ठाकुर श्री राधारमण मंदिर में उज्जैन की एक महिला जज का मंगलसूत्र चोरी हो गया। मामला जज का था तो पुलिस एक्शन में आ गयी और वृन्दावन क्षेत्र की सभी 10 महिला चोरों को पकड़ लिया।
मध्य प्रदेश के उज्जैन की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जस्टिस प्रेमा साहू ने 5 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अपने परिवार के साथ वृंदावन जाते समय उनका दो तोले का मंगलसूत्र चोरी हो गया। पुलिस ने BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया। चूँकि मामला जज के मंगलसूत्र की चोरी का था तो पुलिस प्रशासन हरकत में आ गयी। देखते ही देखते पुलिस ने 10 महिला चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इनसे पास से चोरी के पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, डेबिट कार्ड और 18,652 रुपए नकद बरामद हुए हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश की रहने वाली ये महिलाएं मंदिरों में जेबकटी, मोबाइल चोरी और गहनों की स्नेचिंग करती थीं।
मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार महिलाओं को कोर्ट में पेश किया गया और यहां से जेल भेज दिया गया है। कुछ महीना पहले श्री बांके बिहारी मंदिर के गुल्लक से चोरी करते एक बैंककर्मी को पकड़ लिया गया था। उसके पास से 9.50 लाख रुपये बरामद हुए थे।
