बेचारा रॉबर्ट वाड्रा बीच में
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नया समन जारी किया है। मामला ब्रिटेन स्थित हथियार डीलर संजय भंडारी से जुड़ा है और प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत जांच के दायरे में आता है।
बता दें कि रॉबर्ट वाड्रा ED की जांच के तहत कुल तीन मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में फंसे हुए हैं। यह मामला हथियार डीलर संजय भंडारी के लंदन के मकान के सिलसिले में है। ED के अनुसार संजय भंडारी ने साल 2009 में लंदन में एक मकान खरीदा और उसे रॉबर्ट वाड्रा के निर्देशानुसार रिनोवेट कराया। ED का दावा है कि इस रिनोवेशन के लिए पैसा रॉबर्ट वाड्रा ने दिया था। रॉबर्ट वाड्रा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उनकी लंदन में कोई भी प्रॉपर्टी नहीं है। उन्होंने इस आरोप पर कहा कि उन्हें राजनीतिक मकसद के तहत परेशान किया जा रहा है।
संजय भंडारी एक हथियार डीलर है जो साल 2016 में दिल्ली में इन्कम टैक्स विभाग की छापेमारी के बाद लंदन भाग गया था। हाल ही में एक ब्रिटिश अदालत ने भारत सरकार की उस अर्जी को खारिज कर दिया जिसमें संजय भंडारी के प्रत्यर्पण से जुड़े मामले को ब्रिटेन की सुप्रीम कोर्ट में ले जाने की अनुमति मांगी गई थी। इसके बाद भंडारी को भारत लाने की संभावना लगभग खत्म हो गई है।
नए समन में रॉबर्ट वाड्रा को 17 जून को दिल्ली स्थित ED कार्यालय में पेश होकर बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है। इससे पहले उन्हें 10 जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने तब पेश होने से यह कहते हुए मना कर दिया था कि उन्हें 9 जून को फ्लू जैसे लक्षण थे और उन्होंने कोविड टेस्ट कराया है। उनके वकील ने उस समय कहा था कि रॉबर्ट वाड्रा समन से बचने की कोशिश नहीं कर रहे हैं और वे देश से बाहर जाने से पहले या बाद में कभी भी ED के सामने पेश होने के लिए तैयार हैं।
बता दें कि ED ने रॉबर्ट वाड्रा से अप्रैल में तीन दिन लगातार पूछताछ की थी। ये पूछताछ हरियाणा में 2008 की एक जमीन डील में कथित गड़बड़ियों से जुड़े एक अन्य मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी। ED रॉबर्ट वाड्रा का बयान दर्ज करने के बाद इस मामले में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
