कस्टम अधिकारी ने रिश्वत की रकम कूड़ेदान में फेंकी, फिर भी पकड़ा गया

 

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की मुंबई इकाई ने कस्टम विभाग के अधिकारी कृष्ण कुमार को 10 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। शक आने पर कृष्ण कुमार ने रिश्वत की रकम कूड़ेदान में फेंक दी थी। CBI अधिकारियों ने उन्हें एक घण्टे की नौटंकी के बाद गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई सोमवार को नवी मुंबई के खारघर में हुई। कृष्ण कुमार सहार एयर कार्गो में सुपरिटेंडेंट के पद पर थे। उन्होंने एक फर्म से 10.2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत की रकम लेने के लिए कृष्ण कुमार ने फर्म मालिक को खारघर में अपनी कॉलोनी के बाहर बुलाया। फर्म मालिक वहां दिए गए समय पर पहुंचा। कृष्ण कुमार ने यहां उसे अपनी कार में बैठने को कहा। उन्होंने कार के अंदर रिश्वत ली और फिर फर्म मालिक को जाने के लिए कहा। फिर कृष्ण कुमार ने कार तेजी से बढ़ा दी और कॉलोनी में चले गए। CBI की टीम कृष्ण कुमार पर नज़र रखे थी। इसी दौरान कृष्ण कुमार को शक हो गया। उन्होंने अपनी गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। वे सोसायटी के अंदर, गलियों में कार को लगभग एक घंटे तक घुमाकर CBI को चकमा देते रहे। मौका देखकर उन्होंने रिश्वत की रकम 10.2 लाख कूड़ेदान में फेंक दी। परन्तु CBI अधिकारियों ने उन्हें किसी प्रकार गिरफ्तार ही कर लिया।

CBI अधिकारियों ने कृष्ण कुमार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 6 अगस्त तक CBI की हिरासत में भेज दिया है। CBI के अनुसार कृष्ण कुमार ने R&I विंग (Rummaging and Intelligence) की मदद से एक फर्म का सामान रोका। उसके बाद उन्होंने फर्म को एक बेनामी ईमेल भेजा। कृष्ण कुमार ने फर्म से डीलिंग की और सामान छोड़ने के लिए रिश्वत मांगी।

CBI ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि कृष्ण कुमार प्रति किलोग्राम आयातित माल पर 10 रुपये की घूस मांग रहे थे। वह दावा करते थे कि यह रिश्वत उनके साथ, उनके सीनियर अधिकारियों के लिए भी है।

One Thought to “कस्टम अधिकारी ने रिश्वत की रकम कूड़ेदान में फेंकी, फिर भी पकड़ा गया”

Leave a Comment