कन्नड़, तमिल और मलयालम फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री नव्या नायर को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ऑस्ट्रेलियन बॉर्डर सिक्युरिटी ने 1.25 लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया। नव्या नायर के हैंडबैग से सिक्युरिटी ने चमेली के फूलों का एक गज़रा बरामद किया था।
अभिनेत्री नव्या नायर ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया, मेलबर्नमें आयोजित मलयाली एसोसिएशन द्वारा आयोजित ओणम समारोह में हिस्सा लेने के लिए गई थीं। उनके पिता कोच्चि एयरपोर्ट पर उन्हें छोड़ने आये थे। पिता ने कोच्चि एयरपोर्ट से चमेली के फूलों की एक माला खरीदकर दे दी। नव्या नायर ने माला को दो टुकड़ों में बांट दिया था। एक टुकड़ा नव्या नायर ने कोच्चि से सिंगापुर की फ्लाइट में पहन लिया लेकिन सिंगापुर पहुंचते-पहुंचते वह मुरझा गया। दूसरा टुकड़ा उन्होंने एक प्लास्टिक कैरी बैग में रखकर अपने हैंडबैग में रख लिया ताकि वह सिंगापुर एयरपोर्ट पर फिर से पहन सकें।
ऑस्ट्रेलिया का बायो-सिक्युरिटी कानून इस मामले में बेहद सख्त है। ऑस्ट्रेलियाई सीमा बल की वेबसाइट के मुताबिक ‘पौधे, फूल और बीज’ जैसे जैविक पदार्थ बिना सरकारी परमिट के देश में लाना मना है। ऐसा इसलिए क्योंकि ये पदार्थ कीटों, बीमारियों और जैविक असंतुलन का कारण बन सकते हैं। खासतौर पर उन फूलों और बीजों पर मिट्टी, पत्ते, फलियां या तनों के अवशेष पाए जाने पर इन्हें खतरे की श्रेणी में रखा जाता है। यह घटना उन सभी लोगों के लिए एक चेतावनी है जो विदेश यात्रा के दौरान स्थानीय चीजें या भावनात्मक वस्तुएं अपने साथ ले जाते हैं। नव्या नायर को इस बात की जानकारी नहीं थी कि फूलों को इस तरह ऑस्ट्रेलिया ले जाना कानून के खिलाफ है।
हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने जब उनके बैग की जांच की तो चमेली के फूल देखकर उन्हें रोक लिया। 15 सेंटीमीटर लंबी इस छोटी सी चमेली की माला पर सिक्युरिटी ने 1,980 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग ₹1.25 लाख) का जुर्माना लगा दिया। उन्हें 28 दिनों के अंदर जुर्माना भरने को कहा गया है।
