मुंबई में 55,000 स्क्वायर फुट, 15 मंजिला और 90 करोड़ के प्लॉट में बन रहा महाराष्ट्र भाजपा का नया दफ्तर

 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को मुंबई में भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यालय का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। दक्षिण मुंबई के चर्चगेट इलाके में बन रहा नया दफ्तर दो वर्ष में तैयार हो जाएगा। भाजपा का कार्यालय आलीशान होगा। इसका निर्माण पूरा होने के बाद पार्टी के पदाधिकारी यहीं गेस्ट रूम में रुक सकेंगे।

महाराष्ट्र भाजपा का नया कार्यालय चर्चगेट इलाके में 1655 वर्ग मीटर एरिया के प्लॉट पर बनेगा। 55,000 स्क्वायर फुट पर 15 मंजिला इमारत का निर्माण किया जाएगा। नीचे पांच मंजिला पार्किंग होगी। पार्टी के केंद्रीय नेता अब होटल या सरकारी गेस्ट हाउस में नहीं रुकेंगे, उनके रुकने के लिए भी इसी दफ्तर में गेस्ट रूम होंगे। पार्टी अध्यक्ष और पदाधिकारियों के अलग केबिन होंगे। मुख्यमंत्री के लिए भी इसी कार्यालय में अलग दफ्तर होगा। सभागार में करीबन चार सौ कार्यकर्ताओं के बैठने की जगह होगी। इसमें हाइटेक मीडिया सेंटर और कॉनफ्रेंस रूम भी होंगे।

यह प्लाट भाजपा ने एकनाथ रियलेट्सर्स नाम से निजी व्यक्ति से करीबन 90 करोड़ रुपए में खरीदा है। नए दफ्तर निर्माण का काम भाजपा के पूर्व सांसद मनोज कोटक की देखरेख में हो रहा है। सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यालय का भूमिपूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस सहित अन्य मंत्री और नेता उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता और नेताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कार्यालय मंदिर से कम नहीं है।

अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा अब किसी बैसाखी पर नहीं चलती। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि अब देश में परिवारवाद की राजनीति नहीं चलेगी। परिवारवादी पार्टी की राजनीति अब देश में नहीं चलेगी। लोकतांत्रिक पार्टी में भाजपा का विश्वास है, जो पार्टी अपने भीतर लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं अपनाती वह देश के लोकतंत्र को कैसे मजबूत करेगी।

अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र में डबल इंजन सरकार है। आप इस से संतुष्ट होंगे पर मैं डबल इंजन से संतुष्ट नहीं हूं, बल्कि (केंद्र ,राज्य और स्थानीय निगम में भी) ट्रिपल इंजन की सरकार चाहता हूं। स्थानीय नगर निगम का चुनाव इतनी मजबूती से लड़ें कि विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जाए। ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव ने साबित किया कि भारतीय सेना और सीमा के साथ छेड़छाड़ करोगे तो बर्बाद हो जाओगे। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए शाह ने कहा कि हमने धारा 370 हटाया, सीएए लाए कुछ राज्यों में यूनिफार्म सिविल कोड की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि हमारे सामने लक्ष्य है कि 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाएं।

Leave a Comment