महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उपनगर कल्याण स्थित आइडियल कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी एन्ड रिसर्च कॉलेज में कुछ मुस्लिम छात्रों ने नमाज़ पढ़ दिया। इस घटना की जानकारी विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को लगी तो उन्होंने कॉलेज में जाकर हंगामा कर दिया। इससे नमाज पढ़ने वाले छात्रों ने अपने-अपने कान पकड़कर और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का पैर छूकर माफ़ी मांगी।
आइडियल कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी एन्ड रिसर्च कॉलेज मलंग गढ़ रोड पर, द्वारली गांव, कल्याण (पूर्व) में है। इसके मालिक भाजपा नेता विजय उपाध्याय हैं। बताते हैं तीन मुस्लिम छात्रों ने फार्मेसी विभाग की एक खाली कक्षा में नमाज़ पढ़ लिया। किसी छात्र ने उनकी इस हरकत का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में हंगामा कर दिया।
पुलिस और कॉलेज प्रबंधन ने मुस्लिम छात्रों को बुलाकर उनसे बातचीत की। छात्रों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नमाज़ पढ़ी थी, लेकिन उनका किसी विवाद को जन्म देने या धार्मिक भावनाएं भड़काने का कोई इरादा नहीं था। छात्रों ने अपनी इस गलती के लिए कान पकड़कर माफ़ी मांगी। पास में लगे छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का भी पैर छूकर भी माफ़ी मांगी। इस पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाए। हिललाइन पुलिस भी कॉलेज में आ गयी। कॉलेज प्रबंधन और पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से कॉलेज स्तर पर ही निपटा दिया।
