श्रद्धा कपूर-सिद्धांत कपूर
महाराष्ट्र के सांगली जिले में 252 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन जब्ती मामले में मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरहान अवत्रामाणी उर्फ ओरी को सम्मन भेजा था। ओरी को गुरुवार को उपस्थित होना था लेकिन उन्होंने अतिरिक्त समय की मांग की। अब उन्हें 26 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसी मैटर में ANC ने फिल्म अभिनेत्री श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर को सम्मन भेजा है।
ANC के एक अधिकारी ने बताया कि सिद्धांत कपूर को 25 नवंबर को घाटकोपर यूनिट में पूछताछ के लिए बुलाया है। उल्लेखनीय है कि सिद्धांत कपूर पहले भी एक ड्रग्स मामले में विवादों में रह चुके हैं। वर्ष 2022 में उन्हें बेंगलुरु में एक रेव पार्टी के दौरान ड्रग्स कंजम्पशन के आरोप में हिरासत में लिया गया था।
इस पूरे मामले की जड़ें साल 2022 और 2024 की घटनाओं से जुड़ी हैं। मार्च 2024 में मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र के सांगली जिले में स्थित अवैध मेफेड्रोन निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस छापेमारी में 126 किलो से ज्यादा मेफेड्रोन बरामद किया गया था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 252 करोड़ रुपए आंकी गई थी। यह अवैध फैक्ट्री और उसकी सप्लाई चेन ड्रग्स नेटवर्क में शामिल माफिया सलीम डोला और उसके बेटे ताहिर डोला से जुड़ी हुई थी। ताहिर डोला पिछले दिनों दुबई से प्रत्यर्पण के बाद गिरफ्तार हुआ।
इसी मामले में पुलिस ने पिछले महीने दुबई से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख को गिरफ्तार किया। मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख ने मुंबई पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने भारत और विदेशों में मशहूर हस्तियों के लिए ड्रग्स पार्टियां आयोजित की थीं।
मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख ने यह भी दावा किया था कि उसने पहले नोरा फतेही, श्रद्धा कपूर और उसके भाई सिद्धांत कपूर, NCP नेता जीशान सिद्दीकी, ओरहान अवत्रामाणी उर्फ ओरी, अब्बास मस्तान, रैपर लोका, दाऊद इब्राहीम के भांजे अली शाह तथा अन्य कई व्यक्तियों के साथ देश और विदेश में ड्रग पार्टियों का आयोजन किया था। मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख ने ये भी माना था कि उसने खुद उन पार्टियों में शामिल होकर इन और अन्य लोगों को ड्रग्स की आपूर्ति की थी।
