पंजाब से एक और पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ISI को दे रहा था खुफिया जानकारी

गगनदीप सिंह उर्फ ​​गगन

पंजाब पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस विंग और तरनतारन पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में गगनदीप सिंह उर्फ ​​गगन नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गगनदीप सिंह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और खालिस्तान समर्थक गोपाल सिंह चावला के संपर्क में था और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना की गतिविधियों से संबंधित संवेदनशील जानकारी साझा कर रहा था।

पंजाब पुलिस के महानिदेशक गाैरव यादव ने मीडिया को बताया कि गगनदीप सिंह पिछले पांच वर्षों से पाकिस्तान स्थित खालिस्तानी समर्थक गोपाल सिंह चावला के संपर्क में था, जिसके माध्यम से उसे पाकिस्तानी खुफिया संचालकों (पीआईओ) से मिलवाया गया था। वह सेना की तैनाती, सेना से जुड़ी गतिविधियों और अन्य गोपनीय जानकारी साझा करने में लगा हुआ था, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता था। गगनदीप सिंह तरनतारन जिले के मोहल्ला रोडूपुर, गली नजर सिंह वाली का रहनेवाला है।

गगनदीप सिंह के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया, जिसमें पीआईओ के साथ साझा की गई खुफिया जानकारी और 20 से अधिक आईएसआई एजेंट्स के कॉन्टेक्ट नंबर मिले हैं। गगनदीप सिंह के खिलाफ पंजाब पुलिस ने पीएस सिटी, तरनतारन में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पिछले महीने पंजाब पुलिस ने गुरदासपुर से दो अन्य संदिग्धों, सुखप्रीत सिंह और करनबीर सिंह को इसी तरह की गतिविधियों के लिए गिरफ्तार किया था।

Leave a Comment