कल्याण कोर्ट की महिला वकील वेश्यावृत्ति रैकेट चलाते गिरफ्तार

 

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाली एक महिला वकील को पुलिस ने वेश्यावृत्ति का रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यहां से 2 युवतियों को मुक्त कराया और उन्हें उल्हासनगर-5 के महिला सुधार गृह शांति सदन भेज दिया।

ठाणे पुलिस की अपराध शाखा के अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबन्ध कक्ष ने 24 जून 2026 को कल्याण (पूर्व) के तीसगांव नाका पर स्थित तिसाई होटल उडुपी पैलेस से महिला वकील को गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक वैशाली गोरडे ने सूचना के आधार पर यहां निगरानी रखी और महिला वकील को गिरफ्तार कर लिया। यह होटल शुद्ध शाकाहारी है। यहां देह व्यापार जैसा कोई धंधा नहीं होता। महिला वकील किसी कस्टमर से यहां मीटिंग करने आयी थी। दोनों युवतियों को वह कस्टमर को सप्लाई करने वाली थी।

महिला वकील के खिलाफ कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन में BNS-2023 की धारा 143(1), 143(3) और महिला और बाल अनैतिक व्यापार (प्रतिबन्ध) अधिनियम-1956 की धारा 4 और 5 के तहत FIR (संख्या-353/2026) दर्ज की गयी है। आगे की कार्रवाई के लिए महिला वकील को कोलसेवाड़ी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस निरीक्षक (प्रशासन) साबाजी नाईक मामले की जाँच कर रहे हैं।

महिला वकील कल्याण पश्चिम में रहती है। उसके चंगुल से मुक्त कराई गई एक युवती डोम्बिवली तो दूसरी मुंबई के डोंगरी में रहती है।

One Thought to “कल्याण कोर्ट की महिला वकील वेश्यावृत्ति रैकेट चलाते गिरफ्तार”

Leave a Comment