भाजपा ने शुरू की ‘नमो सेवा – अनसुनी कहानियां’ नुक्कड़ नाटक, पूरे महाराष्ट्र में पहुंचेंगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन की प्रेरक कहानियां

 

भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने विश्वास जताया है कि ‘नमो सेवा – अनसुनी कहानियां’ नुक्कड़ नाटक बड़ा रिकॉर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की प्रेरक कहानियों को राज्यभर के लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

मुंबई के केसी कॉलेज में रविंद्र चव्हाण की मौजूदगी में इस नुक्कड़ नाटक अभियान का महाराष्ट्र में शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। इस अवसर पर अभियान से जुड़े कलाकारों और आयोजकों का सम्मान भी किया गया।

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवन यात्रा, जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, समर्पण, देशभक्ति और सुशासन को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। पिंपरी-चिंचवड़ के कलाकार महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों पर आधारित नाटकों का मंचन करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार, प्रत्येक जिले में एक प्रमुख प्रस्तुति आयोजित की जाएगी, जबकि 15 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 10 नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। इस पहल के जरिए उभरते हुए कलाकारों को भी मंच उपलब्ध कराने और नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेश तथा जागरूकता फैलाने की उम्मीद है।

शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रविंद्र चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा, सुशासन, समर्पण और देशभक्ति की सीख देता है। उन्होंने इन मूल्यों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाने की पहल ‘नमो सेवा गाथा’ को सराहनीय बताया।

रविंद्र चव्हाण ने विश्वास जताया कि इस नुक्कड़ नाटक अभियान को रिकॉर्ड स्तर पर लोगों की प्रतिक्रिया मिलेगी। उन्होंने उभरते कलाकारों द्वारा बनाई गई फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता का उदाहरण देते हुए कहा कि ‘नमो सेवा’ अभियान भी रिकॉर्ड बनाएगा।

महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े, भाजपा के प्रदेश महासचिव निरंजन डावखरे और विधायक अमित गोरखे सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक इस अवसर पर मौजूद रहे।

One Thought to “भाजपा ने शुरू की ‘नमो सेवा – अनसुनी कहानियां’ नुक्कड़ नाटक, पूरे महाराष्ट्र में पहुंचेंगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन की प्रेरक कहानियां”

  1. S kumar

    UGC modi act ka reply ready rakho

Leave a Comment