ठाणे पुलिस की अपराध शाखा के अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष ने एक भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री को वेश्यावृत्ति का रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यहाँ से दो लड़कियों को भी मुक्त कराया है, जिन्हें अभिनेत्री ग्राहकों को सप्लाई करने के लिए लाई थी।
ठाणे अपराध अन्वेषण विभाग के पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव ने मीडिया को बताया कि इंडियन रेस्क्यू मिशन नामक NGO की सूचना पर अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष (AHTU) की पुलिस निरीक्षक अंजली आंधले ने 26 सितंबर 2026 की दोपहर 3 बजे होटल साई टच रेस्टोरेंट एंड बार, एम्फोटेक पार्क के बगल में, पडवल नगर, वागले एस्टेट, ठाणे (पश्चिम) में छापा मारकर अभिनेत्री को गिरफ्तार किया।
25 वर्षीय गिरफ्तार फिल्म अभिनेत्री ‘अनवांटेड गिफ्ट’, ‘जिल्हा गिरि’ सहित तीन अन्य भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुकी है। इसके अलावा उसने ‘तू देख मेरी फोटो’, ‘बंद दरवाजा’, ‘छू ले जरा’, और ‘तलब उल्लू’ सहित करीब 12 वेब सीरीज में भी काम किया है। फिल्म अभिनेत्री के खिलाफ ठाणे शहर के श्रीनगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 143(1), 143(3) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 4 और 5 के तहत 26 सितंबर 2026 को FIR (अपराध क्रमांक 325/2026) दर्ज की गयी है।
मूलतः झारखण्ड के गढ़वा की रहने वाली अभिनेत्री मुंबई में ओशिवरा जोगेश्वरी (पश्चिम) में रहती है। इसी तरह रेस्क्यू की गयी लड़कियों में से एक मुंबई के मालाड में रहती है और मूलतः पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले की रहनेवाली है। दूसरी लड़की भी मूलतः पश्चिम बंगाल के चकदाह की रहनेवाली है और मुंबई में ओशिवरा, जोगेश्वरी में रहती है।
अभिनेत्री का कहना है कि वह भले 3 भोजपुरी फिल्म और 12 वेबसीरीज में काम कर चुकी है लेकिन उसका खर्चा इतना ज़्यादा है कि उसे देह व्यापार (वेश्यावृत्ति) के धंधे में उतरना पड़ा। पहले वह खुद वेश्यावृत्ति करती थी। बाद में वह लड़कियां सप्लाई करने लगी। एक ग्राहक से वह 40,000 रुपये लेती थी। 40 हजार रुपये में से 15 हजार वह लड़की को देती थी और 25 हजार खुद लेती थी। मुंबई, ठाणे, मीरा रोड, लोनावला और गोवा में वह लड़कियां सप्लाई करती थी।

Chalo police ko kuchh Kamai ho gai