अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण का तीसरा विवाह भी टूटा, रूसी पत्नी अन्ना कोनिडेला से लिया तलाक

 

प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता, जन सेना पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उनका तीसरा विवाह भी टूट गया है। पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला (Anna Konidela) ने तलाक लेने का फैसला किया है।

सोमवार रात दोनों ने एक संयुक्त बयान जारी कर 13 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते को समाप्त करने की घोषणा की। पवन कल्याण ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसकी जानकारी साझा की है। हालांकि, दोनों के अलग होने की वजह अभी सामने नहीं आई है।

सोमवार रात पवन कल्याण ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर संयुक्त बयान साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि यह फैसला आपसी सहमति और एक-दूसरे के प्रति सम्मान के साथ लिया गया है। दोनों ने आगे भी अच्छे दोस्त बने रहने की बात कही है।

बयान में कहा गया, “भले ही हमारा वैवाहिक रिश्ता समाप्त हो गया है, लेकिन हम हमेशा अच्छे दोस्त बने रहेंगे। अपने प्यारे बच्चों के प्रति समर्पित माता-पिता के रूप में हमारी जिम्मेदारी पहले की तरह बनी रहेगी। उनकी खुशी और देखभाल हमारी साझा प्राथमिकता रहेगी।”

उन्होंने आगे कहा कि जीवन में आए इस निजी बदलाव के दौरान वे लोगों से समझदारी दिखाने और उनकी निजता का सम्मान करने की अपेक्षा करते हैं। साथ ही, इस पूरे सफर में उनका साथ देने वाले सभी लोगों का दिल से आभार जताया। इस तलाक के साथ ही पवन कल्याण का तीसरा विवाह भी समाप्त हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, पवन कल्याण की पहली शादी 1997 में नंदिनी से हुई थी। हालांकि, 1999 में दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया था। इसके बाद 2009 में उन्होंने अभिनेत्री रेणु देसाई से शादी की। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं। साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया।

इसके बाद 2013 में पवन कल्याण ने रूसी मूल की अन्ना कोनिडेला से तीसरी शादी की थी। इस दंपती के भी दो बच्चे हैं। अब करीब 13 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया है।

Leave a Comment