अब कृषि आतंकवाद : फसल बर्बाद करने वाले फुसैरियम ग्रैमिनेरम फंगस के साथ अमेरिका में चीनी वैज्ञानिक गिरफ्तार

 

अमेरिका की पुलिस ने एक चीनी वैज्ञानिक को गिरफ्तार किया है। एक वैज्ञानिक फरार है। पुलिस का कहना है कि दोनों चीनी वैज्ञानिकों ने अमेरिका में फुसैरियम ग्रैमिनेरम नाम के इस फंगस की तस्करी की साजिश रची। यह फंगस गेहूं, जौ, मक्का और चावल की फसलों में होने वाली बीमारी “हेड ब्लाइट” का कारण बनता है। इस फंगस को “संभावित कृषि-आतंकवाद (एग्रो टेररिज्म) के हथियार” के रूप में वर्गीकृत किया गया है, और इससे हर साल अरबों डॉलर का नुकसान होता है।

अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने मंगलवार, 3 जून 2025 को कहा कि दो चीनी वैज्ञानिकों पर अमेरिका में एक जहरीले फंगस (कवक) की तस्करी करने का आरोप लगाया गया है। दोनों कपल हैं और उन्होंने उस जहरीले फंगस पर एक अमेरिकी यूनिवर्सिटी में रिसर्च करने की योजना बनाई थी।

मिशिगन के पूर्वी जिले के अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने एक बयान में कहा, 33 साल के युनकिंग जियान और 34 साल के जुनयोंग लियू पर साजिश, तस्करी, झूठे बयान और वीजा धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। जियान को अमेरिका की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि लियू का ठिकाना अज्ञात है, वो पकड़ के बाहर है।

जब कृषि, कृषि उद्योग और खाद्य आपूर्ति को प्रभावित करने के लिए हथियार के रूप में जैविक, रासायनिक या रेडियो लॉजिकल स्टॉक का उपयोग किया जाता है तो उसे एग्रो टेररिज्म कहा जाता है। आसान भाषा में कहें तो किसी देश में अनाज संकट पैदा करने के लिए जैविक, रासायनिक या रेडियो लॉजिकल हथकंड़ों का इस्तेमाल करके जानबूझकर वहां की फसलों को किसी तरीके से बर्बाद करना ही एग्रो टेररिज्म है। किसी देश की खाद्य आपूर्ती पर ऐसे किसी भी प्रहार से वहां आर्थिक, स्वास्थ्य और सामाजिक प्रभाव होंगे। ध्यान रहे कि एग्रो टेररिज्म में सिर्फ फसलों को नुकसान पहुंचाया नहीं जाता बल्कि गाय से लेकर मुर्गा-बकरी तक, खाद्य आपूर्ती में अपनी भूमिका निभाने वाले जानवरों को भी निशाना बनाया जाता है।

चीन के दोनों वैज्ञानिकों ने अमेरिका के अंदर जिस फंगस की तस्करी की है उससे मनुष्यों और पशुओं में उल्टी, लीवर डैमेज और प्रजनन संबंधी दोष होते हैं। अमेरिका में दर्ज शिकायत के अनुसार, जियान और उसके ब्वॉयफ्रेंड लियू, दोनों ने पहले चीन में फंगस के उपर काम किया था।

जस्टिस डिपार्टमेंट ने कहा, “(लियू) ने पहले झूठ बोला लेकिन फिर अमेरिका में फ्यूसेरियम ग्रैमिनेरम की तस्करी करना स्वीकार कर लिया… ताकि वह मिशिगन यूनिवर्सिटी के लैब में उसपर रिसर्च कर सके जहां उसकी गर्लफ्रेंड जियान काम करती थी।”

अमेरिक के अटॉर्नी जेरोम गोर्गन जूनियर ने अमेरिका के अंदर फंगस की तस्करी को “राष्ट्रीय सुरक्षा” के लिए चिंता बताया और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जियान ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी में की सदस्यता ले रखी है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पिछले हफ्ते चीनी छात्रों के लिए “आक्रामक तरीके से वीजा रद्द करने” की कसम खाई थी। वहीं बीजिंग ने इस कदम की निंदा करते हुए इसे “अनुचित” और “भेदभावपूर्ण” बताया था।

Leave a Comment