तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में साउथ के सुपरस्टार थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम (TVK) ने बहुमत हासिल कर ली। थलापति विजय की पार्टी की ऐसी लहर थी कि उनके ड्राइवर के बेटे आर शबरीनाथन ने भी जीत हासिल कर ली। वे भी विधायक बन गए।
थलापति विजय के ड्राइवर राजेंद्रन के बेटे आर शबरीनाथन (R Sabarinathan) ने विरुगंबक्कम (Virugambakkam) विधानसभा सीट से बड़ी जीत दर्ज की है और सत्ताधारी पार्टी DMK के मौजूदा विधायक एएमवी प्रभाकर राजा को 27,086 वोटों के बड़े अंतर से हराकर सबको चौंका दिया है। शबरीनाथन के पिता राजेंद्रन पिछले 30 सालों से सुपरस्टार थलापति विजय के साथ हैं और उनकी गाड़ी चलाते हैं।
विजय ने अपनी आंखों के सामने शबरीनाथन को बड़ा होते हुए देखा और अब अपनी पार्टी से टिकट देकर विधायक बना दिया है। विजय ने जब ड्राइवर के बेटे को टिकट दिया था, तब इसकी काफी चर्चा हुई थी और टिकट लेते हुए शबरीनाथन भावुक होकर रो पड़े थे।
शबरीनाथन की पढ़ाई की बात करें तो MyNeta के मुताबिक उन्होंने डॉ एमजीआर एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट से 2021 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की डिग्री ली थी। इसके अलावा उनके पास इसका डिप्लोमा भी है। शबरीनाथन ने Vedha Vikas Matriculation से 2013 में 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी।
इस चुनाव में विजय की नई पार्टी TVK केवल एक-दो सीटों तक सीमित नहीं रही। पार्टी ने 234 सीटों वाली विधानसभा में 100 से ज्यादा सीटें जीतकर मुख्य विपक्षी दलों को चौंका दिया। विजय ने खुद पेरम्बूर सीट से 53,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। फिलहाल विजय की इस ‘ब्लॉकबस्टर’ शुरुआत की खूब चर्चा हो रही है।
