भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बंगाल प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने अभिनेता अनुपम खेर के बालों की तुलना तृणमूल कांग्रेस (TMC) से कर दी। अभिनेता अनुपम खेर ने भी भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य को जवाब दिया जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पश्चिम बंगाल अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत को लेकर एक बयान दिया जिसमें उन्होंने कहा- तृणमूल कांग्रेस जाने वाला था। ये बात काल के कपाल पर लिखी हुई थी। आसमान जमीन पर आ सकता है और समुद्र आसमान पर जा सकता है। अनुपम खेर के सिर पर फिर से बाल आ सकते हैं, लेकिन सत्ता में TMC की वापसी कभी नहीं हो सकती। उन्होंने आगे कहा- जो होना था हो गया। होनी को अनहोनी करने की क्षमता किसी में नहीं है।
ये बयान देते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे। लगे हाथों ये बयान अभिनेता अनुपम खेर तक भी पहुंच गया, जिसके बाद उन्होंने समिक भट्टाचार्य को जवाब दे डाला। अनुपम खेर ने कहा…”अरे भैया जी! मैंने आपका क्या बिगाड़ा है। क्यों आप चाहते हो कि मेरे सिर पर बाल आ जाएं। मौजूदा हालात में मैं जन्मों तक नहीं चाहूंगा! जय श्री राम।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान हुए थे और 4 मई को चुनावी रिजल्ट घोषित किया गया था। जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत दर्ज करते हुए ममता बनर्जी की ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) को सत्ता से बाहर कर दिया। भाजपा ने 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि TMC महज 80 सीटों तक सिमट गई। पश्चिम बंगाल के अलावा भाजपा असम और पुड्डुचेरी में भी सरकार बनाने जा रही है।
