उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक महिला ने मंदिर में अपने प्रेमी से प्रेम विवाह कर लिया। लेकिन यह क्या, महिला अपने चार बच्चों को रोता-बिलखता नहीं देख सकी। प्रेम विवाह किये उसे मात्र 24 घंटे हुए थे। वह अपने पुराने पति के पास वापस आ गयी।
घटना हमीरपुर के सरीला कस्बे की है। गुजरात के सिलवासा में मजदूरी करने वाला 27 वर्षीय हरि एक महिला को लेकर आया और उसने राम-जानकी मंदिर में शादी कर ली। शादी किये 24 घण्टे हुए थे। रिश्तेदार, यार-मित्र हरि को बधाइयां दे रहे थे। तभी महिला का पुराना पति अपने चार बच्चों के साथ वहां पहुँच गया। चारों बच्चे माँ से लिपट कर रोने लगे। इस पर माँ का दिल द्रवित हो गया। उसने नए पति/प्रेमी को छोड़ दिया और पुराने पति और बच्चों के साथ वापस आ गयी।
महिला और उसका पति शिवशंकर मिर्जापुर छानबे ब्लॉक पड़री के रहने वाले हैं। दोनों गुजरात के सिलवासा में नौकरी करते थे। नौकरी के दौरान ही महिला की मुलाकात हरि नाम के व्यक्ति से हुई। इस दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं और बीते 1 सितंबर की रात महिला हरि के पास भाग आई। महिला का पति जब ड्यूटी से घर लौटा तो बच्चों ने बताया कि मां घर छोड़कर चली गई। पति ने बड़ी बेटी को मिर्जापुर में रिश्तेदारों के पास छोड़ा और बाकी चार बच्चों के साथ पत्नी की तलाश में सरीला कस्बा पहुंच गया। वहां चारों बच्चे माँ से लिपटकर रोने लगे।
यह मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस चौकी इंचार्ज दिनेश पटेल और थाना प्रभारी मयंक चंदेल ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करा दिया। महिला अपने पुराने पति के साथ वापस आ गयी। किसी ने कोई शिकायत नहीं की।
