दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआईएस (ISIS) मॉड्यूल के दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इसमें से एक की गिरफ़्तारी मध्य प्रदेश के भोपाल से हुई है। जानकारी के मुताबिक ये दोनों ही दिल्ली में एक बड़ा धमाका करने की साजिश रच रहे थे। दिल्ली के सबसे भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र इनके टारगेट पर थे।
दिल्ली पुलिस ने साउथ दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से एक आतंकी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा मध्य प्रदेश के भोपाल से पकड़ा गया है। दोनों संदिग्ध आतंकी की उम्र 20-26 वर्ष के बीच बताई जा रही है। ये देश में फिदायीन हमले की फिराक में थे।
जानकारी के मुताबिक यह गिरफ्तारी दीपावली से पहले की बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक केस में भोपाल से आतंकी को गिरफ्तार किया था, यह सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली में बैठे अपने साथी से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने दिल्ली में पहले इसके साथ को पकड़ा था, जब उसके सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले गए तो भोपाल में इसके दूसरे साथी का पता चला।
दोनों के पास से संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया है। इसके साथ ही इन आतंकियों के द्वारा आत्मघाती हमले की ट्रेनिंग लेने की जानकारी भी सामने आ रही है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब इनसे पूछताछ कर यह जानकारी जुटा रही है कि इनके साथ और कौन-कौन जुड़ा हुआ है। ये आतंकी ऑनलाइन रेडिकलाइज्ड थे। यह मॉड्यूल दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहा था।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से इसके पहले भी बांग्लादेशी आतंकी संगठन से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ये युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें भड़काते थे। प्रदेश का मालवा प्रांत सिमी का गढ़ रहा है, यहां से सबसे ज्यादा इनके सदस्यों की गिरफ्तारी भी हुई है।
