साजिद अली
उत्तर प्रदेश के बस्ती स्थित परशुरामपुर थानाक्षेत्र के यरता गांव में शुक्रवार की रात दलित जाति की लड़की से शादी करने के लिए मुस्लिम लड़का बारात लेकर पहुँच गया। इससे गांव में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार यरता गांव के दलित परिवार की बेटी कुछ साल पहले गोंडा जिले में अपने रिश्तेदार के यहां एक विवाह समारोह में गई थी। वहां उसकी मुलाकात पटखौली गांव निवासी साजिद अली से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और निकटता बढ़ गई। साजिद ने लड़की से विवाह का प्रस्ताव रखा। शुरुआत में लड़की के परिवार ने इस रिश्ते से इन्कार कर दिया था। हालांकि, बेटी की जिद के बाद परिवार ने अनिच्छा के बावजूद विवाह के लिए सहमति दे दी।
शुक्रवार को साजिद अली 15-20 मुसलमानों की बारात लेकर लड़की के घर पहुँच गया। इससे गांव में हलचल मच गई। इसी बीच किसी ने विश्व हिंदू महासंघ को सूचना दी। महासंघ के सदस्य महेश हिंदुस्थानी, साहब पाठक, संजय पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और लव जिहाद का आरोप लगाते हुए शादी का विरोध किया।
विश्व हिंदू महासंघ की सूचना पर परशुरामपुर थाना के थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह भी पहुंचे। उन्होंने बाराती और दूल्हे को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत चल रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लड़की मध्यम परिवार से है और उसके पिता गांव में मेहनत मजदूरी करके जीवन यापन करते हैं। लड़की तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी है। बताया जाता है कि साजिद अली मुंबई में रहकर पीओपी का कार्य करता है।
