पाकिस्तान में हिंदू महिला और उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण

सांकेतिक तस्वीर (AI)

हिंदू महिला और उसकी नाबालिग बेटी के अपहरण की ये डरा देने वाली वारदात शनिवार को कराची के शेरशाह स्थित सिंधी मोहल्ले से सामने आई है। अधिकारियों ने बताया है कि महिला और उसकी बच्ची को अज्ञात बंदूकधारियों ने अगवा कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार ने बताया कि महिला जैसे ही घर से बाहर निकली 3 हथियारों से लैस लोग आए और उसे जबरन एक एक सफेद-सिल्वर ऑल्टो कार में बैठा लिया।

सिंध प्रांत में नागरिक अधिकार कार्यकर्ता शिवा काची ने बताया कि रानी और उनकी नाबालिग बेटी अब भी लापता हैं। परिवारवालों को इस बात का डर सता रहा है कि उन्हें अब जबरन इस्लाम कुबूल करवाया जाएगा। इसके बाद किडनैपर्स में से ही किसी एक से उसकी शादी करवा दी जाएगी। शिवा काची ने कहा- हमने रिपोर्ट दर्ज करवा दी है।

शिवा काची का कहना है कि सिंध प्रांत में अक्सर हिंदू लड़कियों और महिलाओं को किडनैप कर के उन्हें जबरन इस्लाम स्वीकार करावाया जा रहा है। इसके बाद उनकी शादी उनसे उम्र में काफी बड़े मुस्लिम पुरुषों से करवा दी जाती है। सिंध प्रांत के उमरकोट में भी एक हिंदू लड़की का अपहरण करने की कोशिश की गई है। जानकारी के मुताबिक, लड़की की शादी हाल ही में हुई थी और वह अपने पति के साथ माता-पिता से मिलने घर जा रही थी। इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने उसे किडनैप करने की कोशिश की।

बता दें कि इससे कुछ ही दिन पहले सिंध में ही हिंदू छात्राओं पर स्कूल में पढ़ाई जारी रखने के लिए इस्लाम कबूल करने का दवाब बनाए जाने का मामला सामने आया था।

Leave a Comment