महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उपनगर डोंबिवली में 2.5 लाख रंगीन मिट्टी के दीयों (दीपकों) से निर्मित ‘भारत माता’ की विशाल प्रतिकृति ने वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडिया में अपना नाम दर्ज करवा लिया। यहां ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारत माता की विशाल मोजैक कलाकृति का निर्माण कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया गया।
बता दें खास कलाकृति डोंबिवली जिमखाना की ओर से आयोजित वार्षिक ‘उत्सव’ मेले का प्रमुख आकर्षण बनी हुई है और 28 दिसंबर 2025 तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। यह भव्य मोज़ैक कलाकृति करीब 95 फीट ऊंची और 75 फीट चौड़ी है, जिसे मिट्टी से बने रंगीन दीयों के माध्यम से साकार किया गया है। इस कलाकृति को आकार देने में कलाकार चेतन राऊत, प्रभु कापसे और वैभव कापसे की पिता–पुत्र जोड़ी सहित पूरी कलाकार टीम ने लगातार नौ दिनों तक दिन-रात मेहनत की।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण डोम्बिवली में ही रहते हैं। इस उपलब्धि पर उन्होंने कहा कि- डोंबिवली हमेशा से मराठी साहित्य, कला और संस्कृति का एक प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने बताया कि इस अनूठी पहल की प्रेरणा बचपन से मिले संस्कारों से मिली, जहां भारत माता को देवी स्वरूप में पूजा जाता है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस ऐतिहासिक और रचनात्मक श्रद्धांजलि को देने का निर्णय लिया गया।

https://shorturl.fm/bD6AW