गणेश कांबले
महाराष्ट्र के ठाणे महानगर पालिका (TMC) में गणेश मल्लिकार्जुन कांबले का नाम बाइचांस महापौर की रेस में आ गया है लेकिन उनकी पहली पत्नी कैरोलिन उर्फ़ कैरल कांबले ने उसमें अड़ंगा लगा दिया है। कैरल कांबले ने तमाम अधिकारियों को शिकायत कर बताया है कि गणेश कांबले को दो पत्नियां हैं। तीन बच्चे हैं और उनके खिलाफ दर्जन भर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसलिए उनको महापौर न बनाया जाए और उनका नगरसेवक पद भी रद्द किया जाए।
गणेश कांबले ठाणे के कलवा के वार्ड क्रमांक-9ए से शिवसेना (शिंदे गुट) से नगरसेवक चुने गए हैं। इसके पहले साल 2017 में भी वे शिवसेना (उद्धव) की पार्टी से नगरसेवक थे। ठाणे महानगर पालिका का महापौर पद इस बार SC/ST के लिए आरक्षित हो गया। गणेश कांबले के लिए महापौर बनने का बेहतरीन चांस था। पार्टी आलाकमान ने भी गणेश कांबले को ही महापौर बनाने का संकेत दिया था। लेकिन गणेश कांबले के लिए उनकी अपनी पत्नी कैरोलिन कांबले ने मुश्किल खड़ी कर दी है।
कैरोलिन कांबले भी कलवा में ही रहती हैं। कैरोलिन कांबले का दावा है कि वह गणेश कांबले की पहली पत्नी हैं। साल 2013 में गणेश कांबले ने कैरोलिन से प्रेम विवाह किया था। दोनों से 2 बेटे हैं। बेटे कैरोलिन कांबले के ही साथ रहते हैं। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों में विवाद शुरू हो गया। हालात ये हो गए कि बिना तलाक के ही साल 2019 से दोनों अलग रहते हैं। कैरोलिन कांबले का कहना है कि उनके पास इस बात के सबूत हैं कि गणेश कांबले ने साल 2021 में प्रिया उबाले नामक महिला से दूसरी शादी कर ली है। 20 जून 2022 को उनको एक बेटी भी पैदा हुई।
कैरोलिन कांबले ने किसी प्रकार गणेश कांबले का नामांकन फॉर्म हासिल कर लिया। नामांकन फॉर्म में गणेश कांबले ने दो पत्नी और तीन बच्चों के होने की बात छिपाई है। गणेश कांबले के खिलाफ ठाणे के कई पुलिस स्टेशन में दर्जन से भी ज़्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनमें से गंभीर (हत्या का प्रयास और विनयभंग) FIR का ज़िक्र गणेश कांबले ने नामांकन फॉर्म में नहीं किया है। कैरोलिन कांबले का आरोप है कि गणेश कांबले मात्र 7वीं पास हैं। लेकिन उनके पास 10वीं पास का सर्टिफ़िकेट है। 10वीं पास का सर्टिफिकेट फर्जी है।
दो दिन पूर्व कैरोलिन कांबले ने पुलिस आयुक्त, महापालिका आयुक्त, चुनाव आयुक्त, जिलाधिकारी और अन्य को शिकायती पत्र लिखकर गणेश कांबले का नगरसेवक पद्द करने की मांग की है। कैरोलिन कांबले ने सांसद श्रीकांत शिंदे से मुलाकात कर गणेश कांबले को महापौर न बनाने का भी निवेदन किया है। कैरोलिन कांबले बुधवार को परिमंडल-1 के पुलिस उपायुक्त सुभाषचंद्र बुरसे से मिली। सुभाषचंद्र बुरसे ने कैरोलिन कांबले के साथ न्याय करने का भरोसा दिलाया है। कैरोलिन कांबले के सभी शिकायती पत्र ABI (abinewz.com) के पास मौजूद हैं। कैरोलिन कांबले ने ABI (अकेला ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) को बताया कि इस बाबत अगले हफ्ते वे बॉम्बे हाईकोर्ट में रिट पिटीशन फाइल करेंगी।
