‘काला कौआ’ की कांव-कांव, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का आदमी बता महिला के घर में घुस गया बीनू वर्गिस उर्फ़ काला कौआ !! FIR दर्ज करने की मांग

 

महाराष्ट्र के ठाणे शहर की रहनेवाली कैरोलिन उर्फ़ कैरल कांबले ने बीनू वर्गिस उर्फ़ काला कौआ के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। काला कौआ पर आरोप है कि खुद को उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का आदमी बताकर वह कैरोलिन उर्फ़ कैरल कांबले के घर में घुस गया। कैरोलिन कांबले को ‘रिश्वत’ की पेशकश की। उनका, उनके घर और उनके परिवार की छिपे कैमरे से रिकॉर्डिंग की। जिससे वह कैरोलिन कांबले के पति गणेश कांबले को फायदा पहुंचा सके।

कैरोलिन उर्फ़ कैरल कांबले ने 1 फरवरी 2026 को पुलिस आयुक्त, उपायुक्त और कलवा पुलिस स्टेशन को लिखित शिकायत कर काला कौआ के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। शिकायत की कॉपी ABI (abinewz.com) के पास है।

गणेश मल्लिकार्जुन कांबले कलवा के वार्ड-9ए से शिवसेना (शिंदे गुट) से नगरसेवक चुने गए हैं। गणेश कांबले की दो पत्नियां और तीन संतानें हैं। कानूनन गणेश कांबले कोई भी चुनाव नहीं लड़ सकते। उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। इस बात का गणेश कांबले ने नामांकन फॉर्म में ज़िक्र नहीं किया है। इसी का आधार बनाकर कैरोलिन कांबले ने गणेश कांबले के खिलाफ सम्बंधित अधिकारियों से शिकायत कर उनका नगरसेवक पद रद्द करने और चुनाव आयोग के साथ विश्वासघात करने की FIR दर्ज करने की मांग की है। कैरोलिन कांबले इस बाबत बॉम्बे हाईकोर्ट में रिट पिटीशन भी फाइल करने वाली हैं।

कैरोलिन कांबले का कहना है कि उनकी इस शिकायत पर सोशल मीडिया के बहुत से पत्रकारों ने उनका इंटरव्यू प्रकाशित किया। ऐसे में उस दिन काला कौआ का भी फोन आया। कैरोलिन कांबले के अनुसार काला कौआ और वह एक ही कम्युनिटी का होने की वजह से वे उसके बारे में थोड़ा-बहुत जानती हैं। कैरोलिन कांबले ने पत्र में लिखा है कि काला कौआ ठाणे शहर में हफ्ताखोर और ब्लैकमेलर के रूप में जाना जाता है। इसलिए उन्होंने उसे तवज़्ज़ो नहीं दी। इस पर काला कौआ ने बताया कि उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का उसके लिए मैसेज है। मिलना जरूरी है। काला कौआ कैरोलिन कांबले को अपनी निजी ऑफिस में बुला रहा था। कैरोलिन कांबले नहीं गयीं।

दूसरे दिन काला कौआ कैरोलिन कांबले के घर पहुँच गया। वहां भी उसने बताया कि एकनाथ शिंदे साहब की ऑफिस ने उसे भेजा है। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नाम पर कैरोलिन कांबले ने उसे घर के अंदर ले लिया। अंदर सोफे पर बैठते ही उसने ‘हार्ड कॉफी’ पीने की इच्छा जताई।

काला कौआ ने कैरोलिन कांबले से कहा कि उसने गणेश कांबले और उनकी न्यूज़ सोशल मीडिया पर पढ़ी है। ऐसा करके उन्हें क्या मिलने वाला है। थोड़ा-बहुत खर्चा पानी लेकर चुप बैठ जाओ। गणेश कांबले एक बार महापौर बन गए तो वे 200 से 300 करोड़ रुपये कमा लेंगे। उसमें से तुमको भी अच्छी-खासी रकम दे देंगे। काला कौआ ने कैरोलिन कांबले पर दबाव डाला कि सिर्फ 2 महीने रिट पिटीशन मत फाइल करो। बाद में कुछ दहेज़-वहेज टाइप का पिटीशन फाइल कर देना।

कैरोलिन कांबले का कहना है कि जब वे हार्ड कॉफी देने के लिए काला कौआ के करीब गयीं तो उनको एहसास हुआ कि काला कौआ ने बटन कैमरा लगाया हुआ है। सारी बातें वह रिकॉर्ड कर रहा है। बाद में कैरोलिन कांबले के बच्चों ने उन्हें बताया कि जब कैरोलिन कांबले हार्ड कॉफी बनाने के लिए किचन में गयी थीं तब अंकल (काला कौआ) मोबाइल से पूरे घर और बच्चों की रिकॉर्डिंग कर रहे थे।

कैरोलिन कांबले का कहना है कि ‘पैसा लेकर चुप बैठने’ का काला कौआ का प्रस्ताव उन्होंने ठुकरा दिया। काला कौआ की इस हरकत से वे काफी तनाव में आ गयीं। रात भर वह सो न सकीं। उन्होंने काला कौआ के बारे में और पता किया तो मालूम पड़ा कि उसे लोग सोशल मीडिया माफिया, पुलिस दलाल, टॉप एक्सटॉरशनिस्ट, टॉप ब्लैकमेलर और काला कौआ के नाम से भी जानते हैं। भविष्य में किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत कैरोलिन कांबले ने काला कौआ के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

Leave a Comment