गैंगस्टर रवि पुजारी को ठाणे पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया है। रवि पुजारी बेंगलुरु जेल में बंद था। साल 2016 में रवि पुजारी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। उसके खिलाफ मुंबई, गुजरात, कर्नाटक और दिल्ली समेत कई जगहों पर बड़ी संख्या में मामले दर्ज हैं। साल 2019 में उसे पश्चिम अफ्रीका के सेनेगल में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसे भारत लाया गया। तब से वह कर्नाटक के बेंगलुरु जेल में बंद था।
ठाणे पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार ठाणे के कासारवडवली पुलिस स्टेशन में दर्ज हफ्ता उगाही के एक मामले में पूछताछ के लिए रवि पुजारी को हिरासत में लिया गया है। ठाणे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में रवि पुजारी के खिलाफ 20 से अधिक मामले दर्ज हैं।
साल 1989 में अपराध की दुनिया में कदम रखने वाला रवि पुजारी साल 1995 में भारत से विदेश भाग गया था। विदेश में रहते हुए वह अपने गुर्गों के माध्यम से आपराधिक गतिविधियां संचालित करता था।
कुछ वर्ष पहले ठाणे की हफ्ता उगाही विरोधी प्रकोष्ठ ने दिल्ली में उसकी दो बहनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इसके बाद कुछ समय तक हफ्ता उगाही की घटनाएं कम हो गई थीं।
