प्रवर्तन निदेशालय (ED) की इंदौर इकाई ने बुधवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुरुड में स्थित अरब सागर के सामने वाली 60 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की एक संपत्ति को कुर्क कर लिया। ED का आरोप है कि यह संपत्ति एस कुमार्स नेशनवाइड लिमिटेड (SKNL) से जुड़े कथित 1,400 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में डायवर्ट किए गए धन से खरीदी गई थी।
अलीबाग के निकट स्थित इस संपत्ति को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत कुर्क किया गया है। ED के अनुसार, यह संपत्ति SKNL के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) नितिन शंभूकुमार कासलीवाल के लाभकारी स्वामित्व में है।
भारत के वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र की एक समय की प्रमुख कंपनी SKNL, जिसके पोर्टफोलियो में रीड एंड टेलर (Reid & Taylor) जैसे ब्रांड शामिल थे, ने कई वाणिज्यिक बैंकों के एक समूह (कंसोर्टियम) से बड़े पैमाने पर लोन लिया था। ED की मनी लॉन्ड्रिंग जांच उन आरोपों पर आधारित है कि कंपनी द्वारा लिए गए ऋण को उससे जुड़ी विभिन्न संस्थाओं के नेटवर्क के माध्यम से दूसरी जगह मोड़ दिया गया, जिससे बैंकों को लगभग 1,400 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
ED का आरोप है कि नितिन कासलीवाल ने बैंकों के कंसोर्टियम से प्राप्त ऋण राशि को अपने और अपने परिवार के नियंत्रण वाली समूह कंपनियों एवं संबंधित संस्थाओं के नेटवर्क के जरिए डायवर्ट और लेयरिंग की। ऋण राशि का उपयोग उन उद्देश्यों के लिए नहीं किया गया जिनके लिए उसे मंजूरी मिली थी, बल्कि उसका एक हिस्सा मुरुड में स्थित इस आलीशान समुद्र तटीय संपत्ति को खरीदने में लगाया गया।
ED ने अपने बयान में कहा, “इस संपत्ति की पहचान अपराध से अर्जित आय (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) के रूप में की गई है, जो SKNL को विभिन्न बैंकों द्वारा स्वीकृत ऋण राशि के कथित दुरुपयोग से उत्पन्न हुई है।”
ED के मुताबिक, मनी लॉन्ड्रिंग जांच की शुरुआत उन आरोपों से हुई कि बैंकों के कंसोर्टियम द्वारा SKNL को दी गई ऋण सुविधाओं को वैध व्यावसायिक उद्देश्यों में उपयोग करने के बजाय, पूर्व SKNL प्रमुख नितिन कसलीवाल के नियंत्रण वाली संबंधित संस्थाओं के माध्यम से siphon (गबन) कर लिया गया।
पिछले वर्ष दिसंबर में ED ने PMLA के तहत तलाशी अभियान चलाया था और दावा किया था कि उसे ऑफशोर ट्रस्ट और कंपनी संरचनाओं के माध्यम से रखी गई विदेशी संपत्तियों से संबंधित सबूत मिले हैं। तलाशी के दौरान जुटाई गई सामग्री के आधार पर एजेंसी ने लंदन में बकिंघम पैलेस के निकट स्थित लगभग 119.55 करोड़ रुपये मूल्य की एक संपत्ति भी कुर्क की थी।
ताजा कुर्की के बाद इस मामले में अब तक कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 179.55 करोड़ रुपये हो गया है। ED इस मामले में कथित अपराध से अर्जित अन्य संपत्तियों का पता लगाने और बैंक ऋण राशि के कथित दुरुपयोग से खरीदी गई अतिरिक्त परिसंपत्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच कर रही है।
