ED ने छोटा शकील के साढ़ू सलीम फ्रूट की 4 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की

सलीम फ्रूट

अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के साढ़ू मोहम्मद सलीम इकबाल कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा झटका दिया है। ED ने मुंबई के डोंगरी इलाके में स्थित सलीम फ्रूट की लांबत बिल्डिंग को जब्त कर लिया है। ED ने बिल्डर असलम अब्दुल रहमान पटनी के बैंक खाते में जमा रकम भी जब्त की है। इस तरह जांच एजेंसी ने कुल करीब 4 करोड़ रुपये की अचल और चल संपत्ति कुर्क की है।

दाऊद इब्राहिम गिरोह के नाम पर धमकियां देकर और फर्जी दस्तावेजों के जरिए इस इमारत पर कब्जा किया गया था। ED का दावा है कि बाद में इस संपत्ति को सलीम फ्रूट की पत्नी शाजिया सलीम कुरैशी के नाम पर हस्तांतरित कर दिया गया था।

ED के मुताबिक, शब्बीर करोलिया और यूसुफ करोलिया पर खुद को संपत्ति का मूल मालिक बताकर फर्जी कन्वेयंस डीड (हस्तांतरण विलेख) समेत अन्य दस्तावेज तैयार करने का आरोप है। ED का आरोप है कि दाऊद इब्राहिम और सलीम फ्रूट के नाम पर धमकियां देकर मूल मालिकों से इमारत में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की गई थी।

ED का दावा है कि संपत्ति के लेन-देन को कानूनी दिखाने के लिए उसका चरणबद्ध तरीके से हस्तांतरण किया गया। जांच में सामने आया है कि वर्ष 2016 में इस इमारत की कीमत करीब 25 करोड़ रुपये थी।

दक्षिण अफ्रीका के एक कारोबारी की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज की थी। इसी FIR के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की। इसी जांच के तहत अब एजेंसी ने करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की है।

Leave a Comment