वी. जे. बाबू
पचास साल पहले कक्षा 4 में किसी बात पर एक छात्र ने दूसरे सहपाठी छात्र की पिटाई कर दी। पिटने वाला छात्र अब 62 साल का हो गया है। लेकिन वह अपनी पिटाई को नहीं भूला था। अब उसने अपने एक दोस्त के साथ उस ‘दुश्मन’ की इतनी पिटाई कर दी कि उसके दो दांत टूट गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
घटना केरल के कासरगोड मालोम कस्बे के पास जनरंगम होटल के पास सोमवार को दिन में लगभग 1 बजे घटी। 62 वर्षीय मालोथु बालकृष्णन अपने साथी मैथ्यू वालियाप्लाक्कल के साथ वी. जे. बाबू पर टूट पड़े। मालोथु बालकृष्णन ने वी. जे. बाबू को कॉलर से पकड़ा, जबकि मैथ्यू वालियाप्लाक्कल ने पत्थर से वी. जे. बाबू के चेहरे और पीठ पर वार किए। हमले में वी. जे. बाबू के दो दांत टूट गए। उन्हें कन्नूर के परियारम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वी.जे बाबू ने अस्पताल में पुलिस को सारी कहानी बताई।
वी. जे. बाबू ने बताया कि मामला 1972 का है। तब वी.जे बाबू और मालोथु बालकृष्णन बलाल ग्राम पंचायत के मालोम में नटक्कल्लू एडेड यूपी स्कूल में कक्षा 4 में पढ़ते थे. वी. जे. बाबू और मालोथु बालकृष्णन के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया था। तब वी.जे बाबू ने मालोथु बालकृष्णन को पीट दिया था। वी. जे. बाबू ने बताया कि इतने सालों तक हम दोनों कई बार मिले। दोनों के बीच दोस्ताना व्यवहार रहा, लेकिन अंदर ही अंदर मालोथु बालकृष्णन ने रंजिश पाल रखी थी। अब मौक़ा पाकर दोनों ने उन पर हमला कर दिया।
वेल्लारीकुंडु पुलिस स्टेशन के SHO टी.के. मुकुंदन ने मीडिया को बताया कि इस मामले में BNS की धारा 126 (2), 118 (1) और 3 (5) के तहत FIR दर्ज की गयी है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। आपसे में सेटलमेंट की बात हो रही है। वी. जे. बाबू ने कहा कि अगर दोनों आरोपी 1.5 लाख रुपये मुआवजे के तौर पर अदा करें, तो वह कानूनी कार्रवाई वापस लेने को तैयार हैं।
