सगे फूफा से था अवैध संबंध, शादी के 45 दिन बाद पत्नी ने पति को गोली मरवा दी

 

बिहार के औरंगाबाद के नबीनगर थाना क्षेत्र के बड़वान गांव निवासी प्रियांशु कुमार सिंह उर्फ छोटू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने प्रियांशु की पत्नी गुंजा देवी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुंजा का अपने सगे फूफा से प्रेम संबंध था। पुलिस ने झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के रामाबांध धुरुआ निवासी जयशंकर महेंद्र चौबे और इसी गांव के मुकेश रामाशीष शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक एसपी अंबरीष राहुल ने बताया कि गिरफ्तार गुंजा सिंह ने स्वीकार किया कि 45 दिन पूर्व ही उसका प्रियांशु से हुआ था। परंतु वह अपने सगे फूफा जीवन सिंह के साथ पंद्रह वर्षों से प्रेम संबंधों में थी। गुंजा इस विवाह से खुश नहीं थी। विवाह के बाद अपने जीवन से हटाने के लिए जीवन सिंह के साथ मिलकर पति प्रियांशु की हत्या की योजना बनाई। जीवन से लगातार मोबाइल से संपर्क में थी। गुंजा ने बताया कि प्रियांशु जब 24 जून की शाम बनारस से वापस घर लौट रहा था तब उसने इस बात की सूचना अपने फूफा जीवन को दी। जीवन ने गोली मारने के लिए शूटर का बंदोबस्त किया। गुंजा द्वारा दी गई लोकेशन के आधार पर शूटर ने नबीनगर रोड रेलवे स्टेशन से घर लौटने के क्रम में रास्ते में लेंबोखाप गांव के पास प्रियांशु की गोली मारकर हत्या कर दी।

गिरफ्तार जयशंकर चौबे और मुकेश शर्मा ने शूटर को मोबाइल का सिम उपलब्ध करवाया था। पुलिस गुंजा के फूफा जीवन सिंह समेत शूटर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बताया जाता है कि जीवन सिंह का डालटेनगंज में बड़ा कारोबार है। वह कई यात्री बसों और ट्रकों का मालिक है।

Leave a Comment