नई दिल्ली के द्वारका जिले के बाबा हरिदास नगर थाना इलाके में एक लुटेरे ने ऑनलाइन फुल बटर-चिकन एक मंगाया। डिलीवरी ब्वॉय जब उसे डिलीवर करने आया तो तीन लुटेरों ने उसे लूट लिया। ‘लुटेरों’ ने पहले तो ऑर्डर रिसीव किया फिर उससे महंगा मोबाइल, बाइक और दूसरे सामान भी लूट लिया।
पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह के अनुसार लूट की वारदात 11 अगस्त को हुई। डिलीवरी ब्वॉय को नजफगढ़ रोड के काली प्याऊ के पास लूटा गया था। पीड़ित जनार्दन ने पुलिस को बताया कि वह भरत विहार स्थित चिकन ऑर्डर बिरियानी शॉप से ऑर्डर लेकर देर रात करीब 3:20 पर पहुंचा था। वहां आरोपियों ने पहले तो ऑर्डर रिसीव किया। इसके बाद जनार्दन से वन प्लस मोबाइल फोन और बाइक लूट लिया। विरोध करने पर उन्होंने पीटा भी।
जनार्दन ने किसी की मदद लेकर पुलिस को सूचना दी। ACP नजफगढ़ महेश नारायण की देखरेख में ASI दयाराम, कॉन्स्टेबल सुरेश की टीम ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान विक्रम, अमित और विजय के रूप में हुई है। ये तीनों सोनीपत और नजफगढ़, सैनिक एन्क्लेव के रहने वाले है। इनमें से विजय पर पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
