विधायक केसी वीरेंद्र उर्फ़ पप्पी
संसद में ऑनलाइन गेमिंग पर कानून बनते ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग रैकेट पर एक्शन लेते हुए कर्नाटक के चित्रदुर्ग से विधायक केसी वीरेंद्र उर्फ़ पप्पी को गंगटोक से गिरफ्तार कर लिया। इस सिलसिले में ED ने 30 ठिकानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी में लगभग 12 करोड़ रुपये की नकदी (जिसमें लगभग एक करोड़ विदेशी मुद्रा), 6 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के गहने, लगभग 10 किलो चांदी और चार लग्जरी वाहन जब्त किए। साथ ही, ED ने 17 बैंक खाते और दो लॉकर फ्रीज कर दिए। वीरेंद्र के भाई केसी नागराज और बेटे पृथ्वी एन. राज के ठिकानों से संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज भी बरामद हुए।
बता दें कि केसी वीरेंद्र का भाई केसी थिप्पेस्वामी दुबई से तीन व्यावसायिक संस्थाओं – डायमंड सॉफ्टेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज का संचालन कर रहा है, जो केसी वीरेंद्र की कॉल सेंटर सर्विस और गेमिंग संचालन से जुड़ी हैं। केसी वीरेंद्र कन्नड़ फिल्म अभिनेता डोड्डान्ना के दामाद हैं। केसी वीरेंद्र अपने साथियों के साथ गंगटोक गए थे, जहां वो एक लैंड कैसिनो लीज पर लेने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ED ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
ED ने बताया कि बेंगलुरु की टीम ने शुक्रवार को केसी वीरेंद्र और अन्य के खिलाफ 30 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें चित्रदुर्ग जिले में छह, बेंगलुरु में 10, जोधपुर में तीन, हुबली में एक, मुंबई में दो और गोवा में आठ परिसर शामिल हैं। इनमें पपीज कैसीनो गोल्ड, ओशन रिवर्स कैसीनो, पपीज कैसीनो प्राइड, ओशन 7 कैसीनो और बिग डैडी कैसीनो। अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी से जुड़े एक मामले में ये तलाशी ली गई।
ईडी ने कहा- जांच से पता चला कि आरोपी किंग567, राजा567, पपीज003 और रत्ना गेमिंग जैसे नामों से कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स चला रहा था।
