प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उत्तर प्रदेश में सामने आए ‘बाइकबोट’ नामक कथित पोंजी घोटाले के सिलसिले में मनी लांड्रिंग के तहत 394 करोड़ रुपये से अधिक की नई संपत्तियां कुर्क की हैं। ये संपत्तियां कामाख्या एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट, कामाख्या एजुकेशनल सोसाइटी, गुरु नानक चैरिटेबल ट्रस्ट, अल्पाइन टेक्निकल एजुकेशन सोसाइटी, एपी गोयल चैरिटेबल ट्रस्ट और स्मृति मीना आनंद नामक एक व्यक्ति के नाम पर हैं। संपत्तियों का कुल मूल्य 394.42 करोड़ रुपये है। मौजूदा कुर्की में अचल संपत्तियां और संबंधित अपराध के समय 20.49 करोड़ रुपये (जिसका मूल्य 389.30 करोड़ रुपये है) मूल्य की गिरवी रखी गई जमीन, साथ ही 5.12 करोड़ रुपये की सावधि जमा राशि शामिल है।
मामला उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा कुछ निवेशकों द्वारा गर्वित इनोवेटिव प्रमोटर्स लिमिटेड (GIPL), संजय भाटी और अन्य के खिलाफ की गई शिकायतों के आधार पर दर्ज की गई कई FIR से उत्पन्न हुआ है। पोंजी स्कीम से जुड़ी कंपनी और उसके प्रमोटर संजय भाटी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर ‘बाइकबोट’ नाम से एक ‘बाइक टैक्सी’ की आड़ में बेहद आकर्षक निवेश योजना पेश की थी। इसमें ग्राहक 1, 3, 5 या 7 बाइक में निवेश कर सकता था। कंपनी कहती थी कि बाइक टैक्सी के तौर पर चलेंगी और निवेशक को हर महीने किराया, EMI और बोनस मिलेगा। ज्यादा निवेश करने और नए लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त फायदा भी देने का वादा किया गया। कंपनी ने विभिन्न शहरों में फ्रैंचाइजी भी आवंटित की, लेकिन इन शहरों में बाइक टैक्सी का संचालन हुआ ही नहीं।
ED की जांच में पता चला है कि लोगों से इकट्ठा किया गया पैसा अलग-अलग कंपनियों में घुमाकर एजुकेशनल ट्रस्ट और सोसाइटी के जरिए प्रॉपर्टी खरीदने में लगा दिया गया। मेरठ में करोड़ों की जमीन खरीदी गई। बैंकों से गिरवी रखी गई प्रॉपर्टी छुड़ाने में भी यही पैसा लगाया गया। 20.49 करोड़ की जमीन और प्रॉपर्टी, जिसकी कीमत घोटाले के वक्त करीब 389.30 करोड़ आंकी गई थी, 5.12 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट जब्त की गई।
इससे पहले भी ED ने तीन बार कार्रवाई करके 220.78 करोड़ की संपत्ति अटैच की थी। ED ने 27 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट और सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। गाजियाबाद की स्पेशल कोर्ट इन सभी मामलों में संज्ञान ले चुकी है। ED ने 2020 और 2023 में कई जगह छापेमारी की थी, जिसमें डिजिटल सबूत भी मिले थे। ED ने साफ किया है कि इस मामले की जांच अभी जारी है।
