अब जॉर्जिया में भारतीय शॉर्प शूटरों की भर्ती

गैंगस्टर वेंकट गर्ग कपिल सांगवान

हाल ही में दिल्ली में हुई फायरिंग के एक मामले में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में बताया है कि अमेरिका, दुबई, कनाडा, पुर्तगाल, अजरबैजान और नेपाल के बाद अब जॉर्जिया गैंगस्‍टरों का नया ठिकाना बन गया है। भारतीय शॉर्प शूटरों की भर्ती अब जार्जिया में हो रही है।

दिल्ली पुलिस के स्‍पेशल सेल के उपायुक्त प्रमोद कुशवाहा का कहना है कि जॉर्जिया शूटरों की भर्ती का नया हेडक्‍वार्टर बन गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह भर्तियां गैंगस्‍टर वेंकट गर्ग कर रहा है। प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उत्तर भारत- हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली- में युवाओं से संपर्क किया जाता है और पैसों का लालच देकर उन्‍हें भर्ती किया जाता है। गैंगस्टर वेंकट गर्ग कपिल सांगवान के साथ मिलकर एक्सटार्शन सिंडिकेट चला रहा है। कपिल सांगवान इस वक्‍त अमेरिका में है और दिल्‍ली-एनसीआर में उसके नाम की काफी दहशत है। दिल्‍ली पुलिस ने उसके चार शूटरों- नवीन, मोहन, नवीन और हर्षदीप- को दो अलग-अलग मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी छावला में बिल्डर सुखवीर शौकीन के यहां फायरिंग में शामिल थे। शूटरों ने बिल्डर के घर और फॉर्म हाउस में 15 राउंड फायरिंग की थी।

वेंकट गर्ग हरियाणा के नारायणगढ़ का रहने वाला है। उसके खिलाफ लूट, हत्या और फिरौती के 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उस पर गुरुग्राम में बसपा नेता की हत्या में शामिल रहने का आरोप है और इसी मामले के बाद वह गुरुग्राम से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश भाग गया था।

इस समय एक दर्जन से ज्यादा बड़े गैंगस्टर देश से बाहर हैं, जो लगातार अपने गैंग में विदेश से बैठकर भर्तियां कर रहे हैं। इनमें ये शामिल हैं-

हैरी बॉक्सर – अमेरिका
वेंकट गर्ग – जॉर्जिया
हिमांशु भाऊ – पुर्तगाल
अनमोल बिश्नोई – अमेरिका
गोल्डी बराड़ – कनाडा
गोल्डी ढिल्लो – कनाडा
नीरज फरीदपुरियां – अमेरिका
रोहित गोदारा – कनाडा
सुनील सरधनानिया – दुबई

Leave a Comment