ABI IMPACT : मे. नायरा एनर्जी लि. की अवैधता की जांच शुरू, UMC प्रशासन ने पेट्रोल पम्प मालिक ‘पाऊ’ को वैध दस्तावेज़ के साथ मुख्यालय तलब किया

प्रकाश मुले और ललित खोब्रागड़े

अकेला

उल्हासनगर महानगर पालिका (UMC) प्रशासन दो साल बाद नींद से जागा और कुलविन्दरसिंह बैंस उर्फ़ बिंदर पाऊ के मे. नायरा एनर्जी लि. कंपनी द्वारा संचालित पेट्रोल पम्प की अवैधता (OC-OTP) को लेकर नोटिस इश्यू कर दिया। UMC ने यह कार्रवाई तब की जब ABI (अकेला ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टीगेशन) ने खबर प्रकाशित की कि मे. नायरा एनर्जी लि. (मयूर ऑटोमोबाइल्स) अवैध है। UMC ने उसे OC नहीं दी है परन्तु मे. नायरा एनर्जी लि. प्रशासन ने उसे OTP दे दी है।

कुलविंदरसिंह बैन्स उर्फ़ बिंदर पाऊ का यह पेट्रोल पम्प सर्वे नंबर-172, 173, हिस्सा-1, प्लॉट- 17(पी) और 20(पी), आरआरवी कम्पाउंड, सी-ब्लॉक से शांतिनगर जानेवाले रोड पर उल्हासनगर-3 में है। यह पेट्रोल पम्प मेसर्स नायरा एनर्जी लि. का है और मयूर ऑटोमोबाइल्स के नाम से संचालित हो रहा है। यह 710.43 मीटर में बना हुआ है। साल 2022-23 में यह सात महीने में बनकर तैयार हो गया था। UMC के दो महान भ्रष्ट अधिकारी ललित खोब्रागड़े (अतिरिक्त टाउन प्लानर) और प्रकाश मुले (सेवानिवृत्त टाउन प्लानर) की इस पेट्रोल पम्प को अवैध रूप से संचालित होने देने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

अवैधता की जानकारी होने पर शिवसेना कल्याण लोकसभा क्षेत्र के जिला सचिव केशिरेड्डी तिरुपति रेड्डी ने 15 सितम्बर 2023 को UMC प्रशासन को पत्र लिखकर मयूर ऑटोमोबाइल्स पर कार्रवाई की मांग की थी। परन्तु UMC प्रशासन उनकी शिकायत को तकिया बनाकर और सिरहाने रखकर सो गया। इधर रामकृपाल कड़ेदीन यादव की RTI डिमांड पर UMC के नगर रचना विभाग ने 29 सितम्बर 2025 को लिखित में इन्फॉर्मेशन दे दी कि मयूर ऑटोमोबाइल्स को प्रशासन ने OC नहीं दी है। सवाल है कि जब UMC ने OC नहीं दी तो मे. नायरा एनर्जी लि. ने उसे OTP कैसे दे दी। इसका जवाब है 20 लाख रुपये रिश्वत। रिश्वत की यह राशि ललित खोब्रागड़े, प्रकाश मुले, मे. नायरा एनर्जी लि. के प्रबंधक अनिल नायर, फील्ड कर्मचारी अंकित और धीरेश में डिस्ट्रीब्यूट हुई।

एक दूसरी वजह से भी मयूर ऑटोमोबाइल्स अवैध है। मयूर ऑटोमोबाइल्स में 3 मशीनें और 10 नोज़ल्स हैं। सड़क के अंतिम छोर से साढ़े चार मीटर दूर ही मशीन बैठाने का प्रावधान है। एक्सपर्ट बताते हैं कि मयूर ऑटोमोबाइल्स की आगे वाली मशीन अवैध है। पाऊ ने सड़क से थोड़ी भी दूरी नहीं बनाई और एक मशीन बैठा दी।

केशिरेड्डी तिरुपति रेड्डी की शिकायत और रामकृपाल कड़ेदीन यादव की RTI रिप्लाई के आधार पर ABI ने 3 नवम्बर 2025 को ‘इट हैपेन्स ओनली इन उल्हासनगर : UMC ने OC नहीं दी फिर भी NAYARA एनर्जी ने OTP दे दिया ‘पाऊ’ के पेट्रोल पम्प को ! UMC के तारा-सितारा की एक और कहानी !!’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर दी। खबर का असर हुआ। UMC प्रशासन नींद से जागा और पाऊ को नोटिस इश्यू कर दी।

बता दें कि 21 नवम्बर 2025 को UMC के नगर रचना विभाग ने मे. नायरा एनर्जी लिमिटेड (मयूर ऑटोमोबाइल्स) की तरफ से पेट्रोल पम्प मालिक कुलविन्दरसिंह बैंस उर्फ़ बिंदर पाऊ को नोटिस जारी की है। UMC ने पाऊ को 28 नवम्बर 2025 की दोपहर एक बजे नगर रचना विभाग में वैध दस्तावेज़ के साथ हाजिर रहने को कहा है। नोटिस की प्रति ABI (abinewz.com) के पास है।

Leave a Comment