बिहार के मोतिहारी में एक शराबी युवक ने कुत्ते की हत्या कर दी और उसके मांस को जंगली खरगोश (खरहा) का मांस बताकर गांव के लोगों को बेच दिया। पुलिस में शिकायत के बाद आरोपी मंगरू सहनी फरार है।
यह मामला मधुबन प्रखंड अंतर्गत गरहिया बाजार थाना क्षेत्र के गरहिया गांव का है। आरोपी की पहचान गांव निवासी मंगरू सहनी के रूप में हुई है, जो शराब का आदी बताया जा रहा है। बताते हैं उसके पास शराब पीने के लिए पैसे नहीं थे। इसलिए उसने एक कुत्ते की हत्या कर दी। फिर उसके मांस को खरगोश का बताकर गांव में बेच दिया। जिले में पड़ रही भीषण ठंड के बीच शरीर में गर्मी लाने के लिए ग्रामीण भी मांस खरीदने को उत्सुक हो गए। लगभग 15 गांव वालों ने उस मांस को 1,000 रुपये किलो के हिसाब से खरीद लिया।
मंगरू सहनी बहुत बड़ा शराबी था। उसने बिके मांस के पैसे से शराब पी। मांस खाने के कुछ घंटों बाद कई ग्रामीणों की तबियत बिगड़ गयी। किसी को उल्टी-दस्त, तो किसी को पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। कुछ बच्चों की हालत भी खराब हो गई। अगले दिन मंगरू सहनी ने खुद गांव में घूम-घूमकर बता दिया कि उसने खरगोश नहीं, बल्कि कुत्ते का मांस बेचा था। गांव वालों को पास के एक बाग़ में कुत्ते का कटा हुआ सिर और पंजे मिले। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने गरहिया थाना में लिखित आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
गरहिया थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी मंगरू सहनी फरार है। ग्रामीणों का कहना है कि मंगरू सहनी किसी आरोप में जेल में बंद था और हाल ही में बाहर आया है।

https://shorturl.fm/rJmza