मुलुंड मेट्रो पिलर हादसे में ठेकेदार को 5 करोड़ और कंसल्टेंट को एक करोड़ रुपये का जुर्माना, 5 गिरफ्तार

 

शनिवार, 14 फरवरी 2026 की दोपहर मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो रेल का एक पिलर एक ऑटो रिक्शा पर गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 3 लोग घायल हो गए। इसी मामले में कड़ा कदम उठाते हुए मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने ठेकेदार को 5 करोड़ रुपये और कंसल्टेंट को एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगा दिया है। साथ ही पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

यह काम मेट्रो लाइन-4, वडाला टू कासारवडवली के नाम से जाना जाता है। इसका ठेका मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) के पास है। शनिवार दोपहर LBS मार्ग, जॉनसन एन्ड जॉनसन कंपनी के पास, मुलुंड (पश्चिम) में एक ऑटो रिक्शा पर मेट्रो का पैरापेट (पिलर) गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और तीन व्यक्ति घायल हो गये। मृतक की पहचान रामधन यादव और घायलों की पहचान राजकुमार इंद्रजीत यादव (45), महेंद्र प्रताप यादव (52) और दीपा रुहिया (40) के रूप में हुई है। राजकुमार यादव की हालत गंभीर है और उसे पास के अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है, जबकि महेंद्र व दीपा की स्थिति स्थिर बताई गई है।

पुलिस ने BNS-2023 की धारा 105, 110, 324(5), 3(5) के तहत FIR दर्ज कर प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सकपाल, प्रोजेक्ट मैनेजर हरीश चौहान, प्रोजेक्ट मैनेजर अवधूत इनामदार, डिप्युटी मैनेजर सौरभ सिंह और सुपरवाइजर प्रशांत भोईर को गिरफ्तार कर लिया है।

MMRDA ने ठेकेदार Milan Road Buildtech subcontractor of Reliance Astaldi JV पर काम में लापरवाही के लिए 5 करोड़ रुपये और निर्माण कार्य में लगे जनरल कंसल्टेंट DB Hill LBG Supervisory company, Hill International, और Louis Berger पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगा दिया है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मृतक के परिवार को 5 लाख रुपए और घायलों के इलाज का खर्च सरकार के उठाने की घोषणा की है।

Leave a Comment