महाराष्ट्र की नवी मुंबई के घणसोली के गोठिवली गांव में एक ट्यूशन टीचर ने एक नाबालिग छात्रा को 40 डंडे मार दिए। छात्रा का कुसूर यह था कि उसने पहाड़ा याद नहीं किया था। छात्रा की मां ने पुलिस में शिकायत की है।
पीड़िता 8वीं कक्षा की छात्रा है। आरोपी ट्यूशन टीचर की पहचान रूपाली थवी के रूप में हुई है। छात्रा पांच साल से रूपाली थवी की क्लास में पढ़ने जाती है। रूपाली थवी ने सभी छात्रों को पहाड़ा याद करके आने के लिए बोला था। दूसरे दिन रूपाली थवी ने सभी छात्रों से पहाड़ा सुना। उक्त छात्रा पहाड़ा नहीं सुना पायी यो रूपाली थवी ने उसे 40 डंडे मार दिए। बताते हैं रूपाली थवी ने रोटी पलटने वाली स्टिक से छात्रा को मारा।
छात्रा बेहद कष्ट में आ गयी। हाथ लाल हो गए। सूजन आ गयी। छात्रा रोते-रोते घर गयी। कारण जान परिजन सन्न रह गए। छात्रा के परिजनों ने रूपाली थवी से पूछताछ की तो उसने टका सा जवाब दे दिया कि हाँ उसने मारा है क्योंकि वह पढ़ाई ठीक से नहीं कर रही थी। रूपाली थवी ने यह भी कहा कि तुम अपनी बेटी को दूसरे क्लास में पढ़ा सकती हो।
छात्रा की मां पूनम वड़के ने स्थानीय रबाले पुलिस स्टेशन में रूपाली थवी के खिलाफ शिकायत की है।
