‘हम पुलिस हैं’ कहकर बैग छीनी; असली पुलिस ने सिर्फ 5 घंटे में अपराधियों को दबोचा

 

ठाणे जिले के कल्याण में पैसे बदलने के बहाने एक व्यापारी को लूटने वाले गिरोह का कोलसेवाड़ी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पुणे हाईवे से शिर्डी रोड तक पीछा कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कोलसेवाड़ी पुलिस ने एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि आरोपियों ने पुणे में रहने वाले दीपक शिंदे को 5 लाख रुपये के बदले 10, 50 और 100 रुपये की छुट्टे नोटों में कुल 7 लाख रुपये, यानी 2 लाख रुपये अधिक दिलाने का लालच देकर कल्याण (पूर्व) में बुलाया। दीपक शिंदे 5 लाख रुपये लेकर विठ्ठलवाड़ी रेलवे स्टेशन, कल्याण (पूर्व) पहुंचे। वहां छुट्टे पैसे देने का बहाना कर एक स्कॉर्पियो गाड़ी से तीन-चार लोग आए और खुद को पुलिस बताते हुए कहा, “आप यहां क्या कर रहे हैं?” इसके बाद पैसे बदलने आए व्यक्ति को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और दीपक शिंदे के हाथ से 5 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए।

इसकी जानकारी मिलते ही कोलसेवाड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत आरोपियों की तलाश शुरू की और महज 5 घंटे में उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की। पता चला कि आरोपियों की स्कॉर्पियो गाड़ी पुराने पुणे हाईवे से जा रही है। तुरंत तलेगांव दाभाडे पुलिस स्टेशन की क्राइम ब्रांच को सूचना दी गई। सोमाटणे फाटा टोल नाके पर स्कॉर्पियो (MH-04-GD-7823) को रोककर चार आरोपियों- संजय नागोजीराव भोसले, निवासी गौरीपाड़ा, कल्याण, गौसपाक गुलाम हुसैन शेख, निवासी गौरीपाड़ा, कल्याण, सोमीनाथ तुळशीराम गायकवाड़, निवासी मोहने और अरविंद नागनाथ जॉजट, निवासी इंदिरानगर, कल्याण को 5 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान पता चला कि गिरोह के अन्य आरोपी आळंदी मार्ग से अहिल्यानगर होते हुए शिर्डी-मनमाड की ओर स्कॉर्पियो (MH-05-AJ-0247) से भाग रहे हैं। इस पर राहुरी पुलिस स्टेशन से संपर्क कर अहिल्यानगर-शिर्डी रोड पर नाकाबंदी की गई। वहां से आरोपियों- उमाशंकर हनुमान प्रसाद पांडे उर्फ पप्पू, शरद कुमार मोहन, नरेश फट्टू शर्मा और लक्ष्मण उर्फ प्रदीप विश्वनाथ धनवे, निवासी उल्हासनगर को अगले 36 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया। उनके पास से चोरी की गई रकम में से 2 लाख 36 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्कॉर्पियो गाड़ियां और कुल 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

Leave a Comment