सुनेत्रा पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने मीडिया को जानकारी दी कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार पार्टी की ओर से बारामती विधानसभा उपचुनाव लड़ेंगी। वहीं, शरद पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी (शरद) गुट ने बारामती उपचुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। यह निर्णय पार्टी की आंतरिक बैठक में लिया गया। पिछले विधानसभा चुनाव में युगेन्द्र पवार ने बारामती से अजीत पवार के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
भारतीय चुनाव आयोग ने रविवार को महाराष्ट्र की बारामती (पुणे) और राहुरी (अहिल्यानगर) विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया। बारामती में यह उपचुनाव पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद और राहुरी में भाजपा विधायक शिवाजीराव कर्डिले के निधन के कारण कराना पड़ रहा है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती 4 मई को की जाएगी।
हालांकि राहुरी विधानसभा उपचुनाव में प्राजक्ता तानपुरे के एनसीपी (शरद) से चुनाव लड़ने की संभावना बताई जा रही है और पार्टी वहां उम्मीदवार उतार सकती है। प्राजक्ता तानपुरे वही उम्मीदवार थीं जो 2024 के विधानसभा चुनाव में शिवाजीराव कर्डिले से हार गई थीं।
भले ही एनसीपी (शरद पवार गुट) ने बारामती उपचुनाव न लड़ने का फैसला किया हो, लेकिन चुनाव निर्विरोध होने की संभावना कम है। बताया जा रहा है कि धनगर समुदाय के कुछ लोग उस समय नाराज़ हो गए जब अहिल्याबाई होल्कर मेडिकल कॉलेज से जुड़े एक अस्पताल का नाम अजित पवार के नाम पर रखा गया। सूत्रों के मुताबिक नाराज़ समूह का कोई उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकता है।
उपचुनाव की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि बारामती और राहुरी के उपचुनाव निर्विरोध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हालांकि अगर चुनाव होता है तो हम उसका सामना करने के लिए तैयार हैं।”
उपचुनाव का कार्यक्रम
•चुनाव अधिसूचना जारी: 30 मार्च 2026
•नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि: 6 अप्रैल 2026
•नामांकन पत्रों की जांच: 7 अप्रैल 2026
•नाम वापस लेने की अंतिम तिथि: 9 अप्रैल 2026
•मतदान: 23 अप्रैल 2026
•मतगणना: 4 मई 2026
•चुनाव प्रक्रिया पूर्ण: 6 मई 2026
