ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड में HDFC बैंक का असिस्टेंट मैनेजर गिरफ्तार, दुबई कनेक्शन का भी खुलासा

 

महाराष्ट्र की नवी मुंबई साइबर पुलिस ने 65.16 लाख रुपये की ऑनलाइन गेमिंग धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में HDFC बैंक का एक असिस्टेंट मैनेजर भी शामिल है। जांच में इस पूरे रैकेट के दुबई से जुड़े होने का भी खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल रामरतन जायसवाल (26) और आवेश धर्मेंद्र वर्मन (26) के रूप में हुई है। दोनों जोगेश्वरी के रहनेवाले हैं। पुलिस ने इन्हें यहाँ के बेहराम बाग़ से गिरफ्तार किया। विशाल जायसवाल HDFC बैंक में सिक्योरिटी असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। इनके पास से पुलिस ने 86 बैंक अकाउंट किट, 64 एटीएम कार्ड, 15 सिम कार्ड, लैपटॉप, एक POS मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया बैंकिंग क्षेत्र का अनुभव होने के कारण विशाल जायसवाल को बैंक खाते खोलने की प्रक्रिया की अच्छी जानकारी थी, जिसका इस्तेमाल उसने कई लोगों के नाम पर म्यूल अकाउंट खोलने में किया।

शिकायतकर्ता कोपरखैरने का एक 30 वर्षीय व्यवसायी है, जिसने वर्ष 2023 में ‘SAT Sports’ नामक एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खुद को रजिस्टर किया था, जिसे वह एक वैध कंपनी मान रहा था। आरोपियों ने उसे Teen Patti और कसीनो जैसे गेम्स में निवेश करने के लिए ऊंचे रिटर्न का लालच दिया और शुरुआत में उसका विश्वास जीतने के लिए छोटे-छोटे मुनाफे भी उसके खाते में डाले।

अगले तीन वर्षों में पीड़ित ने कुल 65.16 लाख रुपये का निवेश किया, जबकि प्लेटफॉर्म पर उसे 1.25 करोड़ रुपये का फर्जी मुनाफा दिखाया गया। लेकिन जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उसे धोखाधड़ी का पता चला और उसने साइबर पुलिस से शिकायत की।

सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर विशाल पाटिल और पुलिस सब-इंस्पेक्टर राहुल कोली ने मीडिया को बताया कि आरोपी भारत में सिम कार्ड खरीदकर उन्हें एक्टिव करते थे और फिर दुबई में अपने साथियों को भेजते थे, जो इनका इस्तेमाल ठगी की रकम निकालने के लिए करते थे। इस नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Leave a Comment