फिल्म अभिनेता जावेद जाफ़री और उनकी पत्नी हबीबा जाफरी से करीब 16 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में बृहन्मुम्बई महापालिका (BMC) के एक सहायक आयुक्त समेत पांच लोगों के खिलाफ खार पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल को सौंप दी गई है, जिसने इस मामले में ब्रिटिश मूल के कारोबारी निशित पटेल को गिरफ्तार किया है। पटेल को एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 19 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता हबीबा जाफरी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने बीएमसी के सहायक आयुक्त महेश पाटिल के निर्देश और आश्वासन पर एक रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट में निवेश किया था, लेकिन न तो उन्हें वादा की गई संपत्ति मिली और न ही निवेश की गई रकम वापस की गई।
आरोपियों की पहचान महेश पाटिल, निशित पटेल, रूपेश, सागर मेहता, देवेंद्र पडवाल और उनके अन्य सहयोगियों के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने बांद्रा वेस्ट स्थित एक रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट में भारी वित्तीय लाभ का लालच देकर निवेशकों को फंसाया। सूत्रों के अनुसार, इस प्रोजेक्ट में कई प्रभावशाली लोगों ने 50 लाख रुपये से लेकर 20 करोड़ रुपये तक का निवेश किया था, जिनमें सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, नगर निगम अधिकारी, कलाकार, रिटायर्ड जज और अन्य वरिष्ठ लोग शामिल हैं।
अपनी शिकायत में हबीबा जाफरी ने बताया कि उन्हें इस प्रोजेक्ट की जानकारी पहली बार BMC कार्यालय के दौरे के दौरान मिली, जहां महेश पाटिल ने कथित तौर पर उन्हें निवेश का अवसर बताया और निवेश करने के लिए प्रेरित किया। हबीबा अंसारी ने आगे आरोप लगाया कि वर्तमान में BMC के के-वेस्ट वार्ड कार्यालय में तैनात महेश पाटिल ने उन पर और उनके परिवार पर निशित पटेल के माध्यम से निवेश करने का दबाव बनाया। उनका दावा है कि फर्जी सरकारी पंजीकरण दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली बताकर उनके पति जावेद जाफ़री, रिश्तेदार नावेद जाफरी और उस्मान खान, हैप्पीनेस इन्वेस्टमेंट्स, लॉन्जी फर्नांडिस और शबाना फर्नांडिस से निवेश कराया गया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने चेक भुगतान, नकदी, विदेशी मुद्रा और महंगी घड़ियों के रूप में करीब 16.24 करोड़ रुपये एकत्र किए और बाद में निवेशकों को धोखा दिया।
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि महेश पाटिल, निशित पटेल, रूपेश, सागर मेहता और देवेंद्र पडवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
